उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा व कुश्ती में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान बजरंग पूनिया को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नीरज ने इतिहास रच दिया है। ट्रैक एवं फील्ड इवेंट में देश के लिए पहला स्वर्ण जीतकर अद्वितीय प्रतिभा का परिचय दिया है।
उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा कि बांहें फैलाकर स्वागत कीजिये... भारत के गोल्डन बॉय, भारतीय सेना के जवान, हरियाणा की माटी के लाल, ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा का !!! शाबाश जिंदाबाद लाजवाब !!! बहुत-बहुत बधाई। बजरंग पूनिया ने भी अपने विरोधी पहलवान को ज्यादा अंकों के अंतर से हराकर देश एवं प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि नीरज चोपड़ा को एएसपी, रवि दहिया और बजरंग पूनिया को सीधा डीएसपी भर्ती किया जाए। तीनों पदक विजेता, साधारण किसान के बेटे हैं। परिवार ने बड़े कष्ट से अपने बच्चों को इस लायक बनाया कि वो देश का नाम रोशन कर सकें। जब मणिपुर सरकार मीराबाई चानू को डीएसपी बना सकती है तो हरियाणा सरकार अपने पदक विजेता खिलाड़ियों को एएसपी और डीएसपी क्यों नहीं बना सकती। शनिवार को दोहरी खुशी का दिन रहा। देश के लिए हरियाणा के एक बेटे ने स्वर्ण जीता तो दूसरे बेटे ने कांस्य पदक जीत कर करोड़ों देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया।
नीरज, बजरंग ने और बढ़ाया देश का मान: सैलजा
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने भी नीरज चोपड़ा को स्वर्ण पदक जीतने और कुश्ती में बजरंग पूनिया को कांस्य पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सैलजा ने कहा कि ओलंपिक में सभी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सभी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन रोमांचित करने वाला था। उनकी यह ऐतिहासिक सफलता करोड़ों युवाओं को प्रेरित करेगी। ओलंपिक में पदक ना जीत पाने वाले भारतीय खिलाड़ी निराश ना हों, हार-जीत जीवन का हिस्सा होता है।