हरियाणा लोक सेवा आयोग ने रविवार को साक्षात्कार खत्म होते ही शाम को ही एचसीएस (कार्यकारी शाखा) के 156 के लिए हुई परीक्षा के अंक जारी कर दिए। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंक मिलाकर कमल चौधरी 398.75 अंक लेकर टॉपर रहे हैं। वहीं, छोरियों ने परीक्षा में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। प्रगति रानी ने 398.4 और साक्षी ने 398, नमीता कुमारी 391 और अंजली गर्ग ने 391.2 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कुल 156 पदों के लिए हुई मुख्य परीक्षा में 425 अभ्यर्थी पास हुए थे। आयोग ने 30 जनवरी से साक्षात्कार लेना शुरू किया था।
रविवार दोपहर बाद साक्षात्कार खत्म हो और शाम को आयोग ने 423 अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंक जारी कर दिए। एचसीएस (कार्यकारी शाखा) के लिए कुल 675 अंकों की परीक्षा थी। लिखित परीक्षा 600 अंकों थी और साक्षात्कार 75 अंक हैं। आयोग द्वारा सभी अभ्यर्थियों के लिखित और साक्षात्कार के अंकों को वेबसाइट पर डाल दिया गया है। इससे अभ्यर्थियों को अंदाजा लग जाएगा कि किसका चयन हो रहा है और कौन चयन सूचि से बाहर हो रहा है। उधर, आयोग इसी सप्ताह अंतिम चयन सूची जारी करेगा। इसके बाद ही एचसीएस समेत अन्य पदों पर अभ्यर्थियों के चयन का पता लग पाएगा। हरियाणा लोक सेवा आयोग के सचिव डा. यश गर्ग ने कहा कि इसी सप्ताह चयन सूची जारी कर दी जाएगी। बता दें कि 2021 में आयोग ने 156 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 09 अगस्त, 2022 को जारी कर दिया गया। मुख्य परीक्षा 29 अक्तूबर और 01 नवंबर को हुई थी और जनवरी, 2023 में मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया गया।
इन पदों पर होनी है भर्ती
एचसीएस (कार्यकारी शाखा) 48, डीएसपी 7, ईटीओ 14, डीएफएससी 5, तहसीलदार 4, एईटीओ 2,बीडीपीओ 46,ट्रैफिक मैनजेर 3,डीएफएसओ 2 और सहायक रोजगार अधिकारी के 21 पद शामिल हैं।
विवादों में रही है भर्ती
एचसीएस कार्यकारी शाखा की भर्ती विवादों में रही है। इससे पहले हुए प्रारंभिक परीक्षा को पास कराने के मामले में नवंबर 2021 में एचपीएससी के उप सचिव अनिल नागर को लाखों रुपये की रिशवत लेते पकड़ा गया था। नागर के साथ साथ दो दलाल भी काबू किए गए थे। मामला संज्ञान में आने के बाद नागर को बर्खास्त किया और पहले हुई परीक्षा को रद्द कर दिया गया था और दोबारा से भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी।