हरियाणा सरकार अग्निपथ योजना के विरोध में तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों के खिलाफ सख्त हो गई है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले युवाओं की सूचियां तैयार कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। गृह मंत्री अनिल विज ने प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव को किसी सूरत में बर्दाश्त न करने का आदेश दिया है। उपद्रवियों के साथ सख्ती से निपटने के लिए कहा गया है।
अग्निपथ के विरोध में प्रदेश के अधिकांश जिलों में युवा रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिसे देखते हुए सरकार ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। अनिल विज ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विरोध-प्रदर्शन करना हर आदमी का अधिकार है, मगर उसकी आड़ में तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
ये लोग सेना में जाने वाले नहीं हो सकते, सेना में तो अनुशासित लोग ही जाते हैं। हमारे देश के कुछ शरारती तत्व हर समय मौके की तलाश में रहते हैं कि देश की शांति को किस तरह भंग किया जाए। पुलिस-प्रशासन को पूरी हिदायतें दी गई हैं कि उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
राहुल गांधी को सभी तरफ अंधेरा दिख रहा
विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें सभी तरफ अंधेरा ही अंधेरा नजर आ रहा है। उनको चीजों के अच्छे पहलू नजर नहीं आते हैं। जीएसटी को सारे देश ने सराहा और हर साल इसका संग्रहण बढ़ रहा है। नोटबंदी को काले धन का कारोबार करने वालों को छोड़ बाकी सभी लोगों ने सराहा है। बीते दिनों पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो गया, राहुल गांधी को यह समझ नहीं आता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां देशहित में हैं।