फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणाः जनता के बीच बैठे थे अभय चौटाला, अनिल विज ने देखा तो मंच पर बुलाया

Fri, 27 Dec 2019 10:20 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरसा (हरियाणा)
विज्ञापन
अनिल विज और अभय चौटाला।
विज्ञापन

सिरसा में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री अनिल विज ने की लेकिन विज के आने से पहले ही इनेलो नेता व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला पहुंच गए। अभय गैर सरकारी सदस्यों के पास बैठ गए।

विज्ञापन


डीसी अशोक कुमार उनके पास आए और उन्हें मंच पर बैठने के लिए कहा लेकिन अभय ने इनकार कर दिया। जैसे ही अनिल विज आए और मंच पर पहुंचकर अभय सिंह को देखा तो उन्हें ऊपर मंच पर बुलाया। अभय सिंह ने कहा कि आपका स्वागत करने के लिए नीचे बैठे थे। 

नशा बेचने की शिकायत देते हैं तो पुलिस पूछती है - कहां है नशा बेचने वाले
कष्ट निवारण समिति की बैठक खत्म होने के बाद अभय सिंह ने कहा कि आपके बारे में एक बात प्रसिद्ध है कि जिस मुद्दे पर संज्ञान लेते हैं, उसे पूरा करते हैं। आप किसी की सिफारिश नहीं मानते। मैंने आपको चिट्ठी लिखकर अनुरोध किया था कि पूरा प्रदेश नशे की चपेट में है।
विज्ञापन


कल का उदाहरण बताता हूं कि नोहर भादरा से सिरसा आ रहा था, रास्ते में विधानसभा गांवों में लोगों ने बताया कि शाम को पांच बजे के बाद कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां गाड़ियों में नशा बेचने वाले लोग खड़े न हो। पुलिस को जब शिकायत दी जाती है तो पुलिस शिकायतकर्ता से पूछती है कि नशा बेचने वाले कहां हैं।

बोले - मेरे गोद लिए गांव के सरपंच के खिलाफ भी नहीं हुई कार्रवाई

मेरे गोद लिए गांव में सरपंच के खिलाफ डीसी को शिकायत दी थी कि जांच करवाई जाए पैसा कहां लगा है। आज चार महीने से ज्यादा हो गए हैं, कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरीके से गुसाईआना गांव के सरपंच के खिलाफ शिकायतें थीं लेकिन उन्हें सस्पेंड नहीं किया गया।

जोगीवाला गांव का सरपंच अनुसूचित जाति से हैं, उसे गालियां दी गईं और मारपीट की गई। पुलिस में शिकायत की तो पुलिस ने दोषियों को पकड़ने के बजाय प्रोत्साहित किया। लोग लड़कियों के स्कूल के आगे शराब पी रहे हैं। डीएसपी को कार्रवाई के लिए कहा लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। 

मेरे सामने चुनाव लड़ने वाले के बेटे ने मजदूर से मोबाइल व पैसे छीने लेकिन कार्रवाई नहीं हुई: अभय 
विधानसभा चुनाव के दौरान एक गरीब आदमी अपने खेत में मजदूरों को पैसे देने गया था। मेरे सामने चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के बेटे ने वे पैसे छीन लिए। एडीसी मौके पर पहुंची थीं। पुलिस को मोबाइल व पैसे छीनने पर पर्चा दर्ज करने के लिए कहा। मैंने एसपी से कई बार कार्रवाई की मांग की। तभी मंत्री अनिल विज ने हंसते हुए कहा कि आपकी समस्याओं का समाधान अगले महीने की मासिक बैठक में किया जाएगा।

 नशे पर अनिल विज ने कहा - आपने नशे के खिलाफ मुझे जो पत्र लिखा था, मैंने उसी समय उसे डीजीपी को भेज दिया था और कार्रवाई के लिए कह दिया। बाकी जो विषय हैं, उन्हें डीसी और एसपी ने नोट कर लिया है, एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश की जाए।
विज्ञापन

नशे को खत्म करना मेरी प्राथमिकता : अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने स्थानीय पंचायत भवन में कष्ट निवारण समिति की बैठक के  उपरांत पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि नशे को खत्म करना उनकी प्राथमिकताओं में हैं और इस दिशा में कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। सुचारू रूप से इस पर काम हो इसके लिए अलग से पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एक विंग गठित की गई है, जो हर महीने अपनी रिपोर्ट देगी। प्रदेश से नशे को जड़मूल से खत्म किया जाएगा।

बैठक में ऐलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला द्वारा जिला में नशा को लेकर उठाई मांग पर पत्रकारों द्वारा पूछे सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि नशा को खत्म करना उनकी प्राथमिकताओं में से एक है और इसके लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा पर पूर्णतया अंकुश के लिए सुचारू रूप से काम करने की जरूरत है और इसी उद्देश्य से एक विंग का गठन किया गया है, जो केवल नशा से संबंधित मामलों को ही देखेगी। यह टीम हर माह मुझे रिपोर्ट करेगी।

स्वास्थ्य विभाग में 750 पदों पर होगी भर्ती
पत्रकारों द्वारा गृह मंत्री से स्वास्थ्य व पुलिस विभाग में स्टाफ की कमी पर पूछे सवाल के जवाब पर उन्होंने कहा कि  प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ की कमी की बात है, जल्द ही खाली पड़े 750 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में स्वास्थ्य विभाग में किए गए कार्यों का ही परिणाम है कि आज लोगों में सरकारी अस्पतालों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है।

जल्द शुरू होगी आयुष्मान कार्ड बनाने की नयी प्रक्रिया
आयुष्मान कार्ड को लेकर गृह मंत्री विज ने कहा कि अब तक 2011 सर्वे के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनाए गए थे। लेकिन अब शीघ्र ही आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए नई प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें जिस भी परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख से कम होगी तथा पांच एकड़ तक की कृषि भूमि होगी उसके कार्ड बनाए जाएंगे।  

 दिल्ली के सीएम को बताया नौटंकीबाज
गृह मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के सीएम पर कहा कि दिल्ली का सीएम अरविंद केजरीवाल तो नौटंकीबाज है। सारी राजनीति मार्केटिंग के जरिए करते हैं। वह पहले दिल्ली का प्रदूषण कम करें यहां पर पराली जलाना हम बंद कर देंगे। अनिल विज ने कहा कि हरियाणा के किसान तो केवल पूरे साल में 15 दिन ही पराली जलाते हैं, लेकिन दिल्ली में तो पूरा साल प्रदूषण रहता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें