सरकार ने मैगजीन में छाप दिया विवादित विज्ञापन
पहले तो सरकार ने मैग्जीन में विवादित विज्ञापन छाप दिया। उस पर बवाल हो गया तो फिर यूटर्न लेते हुए पल्ला झाड़ लिया। दरअसल, हरियाणा सरकार ने अपनी कृषि संवाद पत्रिका में एक महिला की तस्वीर छापी। महिला ने घूंघट निकाल रखा है और वह सिर पर चारा रखकर ले जा रही है। इस तस्वीर को कैप्शन दिया गया- 'घूंघट की आन-बान, म्हारे हरियाणा की पहचान'। इस पर जमकर विवाद हो रहा है।
वहीं बवाल के बाद अब सरकार के प्रवक्ता जवाहर यादव सफाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि यह विज्ञापन बिना जांच पड़ताल के छाप दिया गया है। सरकार भी इसकी निंदा करती है और मामले की पूरी जांच की जाएगी।
खेल मंत्री अनिल विज ने भी कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रतिबद्ध है। घूंघट रखना जरूरी नहीं है और हम इसे प्रोत्साहन नहीं देते। हालांकि एक सच ये भी है कि प्रदेश में कई जगहों पर घूंघट का रिवाज चलन में है, और उस पर भी ऐतराज नहीं कर सकते। बावजूद इसके सरकार देखेगी कि यह विज्ञापन किस संदर्भ में छापा गया है।