झारखंड में पांच रुपये में दाल-भात, तमिलनाडु में अम्मा की रसोई और पंजाब में सांझी रसोई की तर्ज पर प्रदेश की मनोहर लाल सरकार अंत्योदय आहार योजना लेकर आई है। फिलहाल सरकार ने इस योजना का आगाज प्रदेश के पांच शहरों में किया है। इसके तहत लोगों को दस रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा। पंचकूला सेक्टर-16 स्थित लेबर चौक पर योजना के तहत 10 रुपये की थाली मिलनी शुरू हो गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जैसे-जैसे लोगों का रुझान बढ़ेगा आहार केंद्रों की संख्या में विस्तार किया जाएगा।
आहार केंद्र में पहुंच रहे रोजाना 250 लोग
लेबर चौक स्थित अंत्योदय आहार केंद्र में सरकार की इस योजना का रोजाना करीब 150 से लेकर 250 लोग लाभ उठा रहे हैं। केंद्र में आने वाले लोगों की सुविधा का ठेकेदार की ओर से पूरा ख्याल रखा जाता है। उनकी सुविधा के लिए बाकायदा शेल्टर बनाया गया है, जिसमें पंखा, टेबल और कुर्सियां लगी हैं।
कहीं राजनीतिक गेम तो नहीं आहार योजना
एक तरफ जहां जनप्रतिनिधि और शहरवासी प्रदेश सरकार के इस कदम की भरपूर सराहना कर रहे हैं। वहीं, कुछ बुद्धिजीवी लोग इसे राजनीतिक गेम बता रहे हैं। उनका कहना है कि लोकसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में गरीबों को 10 रुपये में भरपेट भोजन मुहैया करवा कर सरकार उन्हें लुभाने की कोशिश कर रही है।
क्या है अंत्योदय आहर योजना
प्रदेश सरकार ने पंजाब की सांझी रसोई की तर्ज पर अंत्योदय आहार योजना को शुरू किया है। गरीबों को कम दाम में भरपेट भोजन देने के अलावा इस योजना को ठेके पर शुरू किया है। नियमानुसार ठेकेदार को रोजाना अलग-अलग व्यंजन तैयार करने हैं। एक थाली की कुल लागत सरकार ने 35 रुपये निर्धारित की है। इसमें से 25 रुपये हरियाणा सरकार ठेकेदार को देती है, जबकि 10 रुपये ठेकेदार यहां आने वाले से वसूल करता है।
10 रुपये में पांच तरह के व्यंजन
थाली में आपको चार रोटी, एक सब्जी, एक दाल, चावल और रायता ठेकेदार मुहैया करवाएगा। इसके बदले में आपको मात्र 10 रुपये का भुगतान करना होगा। इस सुविधा का लाभ आप रोजाना दोपहर एक से तीन बजे तक उठा सकते हैं।
रेहड़ी-फड़ी वाले दे रहे धमकी
अंत्योदय आहार योजना शुरू होने से यहां पहले से ही रेहड़ी लगाने वाले कुछ लोग ठेकेदार के कारिंदे को लगातार धमकी दे रहे हैं। वह ठेकेदार कारिंदे पर आहार केंद्र को बंद करने का दबाव बना रहे हैं। क्योंकि केंद्र के शुरू होने से उनका कारोबार बंद हो गया है। - जितेंद्र, आहार केंद्र कर्मचारी
सरकार के फैसले को लोगों ने सराहा
अंत्योदय आहार केंद्र में भोजन करने आए पंचकूला निवासी कमलेश, रिंकू, कृष्ण कुमार ने कहा कि भोजन की गुणवत्ता बिल्कुल ठीक है। इसके अलावा शेल्टर में भी किसी तरह की समस्या नहीं हैं।
प्रदेश में कोई व्यक्ति भूखा न सोये इस सोच के साथ हरियाणा सरकार ने अंत्योदय आहार योजना का आगाज किया है। फिलहाल अभी प्रदेश के पांच शहरों में इस योजना को शुरू किया गया है। जैसे-जैसे लोगों की डिमांड बढ़ेगी आहार केंद्रों की संख्या में इजाफा किया जाएगा।
- ज्ञानचंद गुप्ता, विधायक पंचकूला।