आम आदमी पार्टी को अलविदा कहकर अकाली दल का दामन थामने वाले एचएस वालिया ने पार्टी प्रधान सुखबीर बादल से पूर्व विधायक सर्बजीत सिंह मक्कड़ की शिकायत की है। सुखबीर ने वालिया की पूरी बात सुनने के बाद कहा कि तुसी तगड़े होके कम करो, चिंता नहीं किसे गल दी।
एचएस वालिया केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला के खासमखास हैं। शाहकोट विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह आम आदमी पार्टी को अलविदा कहकर अकाली दल में शामिल हुए थे। वालिया कैंट हलके से आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़े थे और उस समय मुकाबला कांग्रेस के परगट सिंह, आप के एचएस वालिया और अकाली दल के सर्बजीत सिंह मक्कड़ के बीच हुआ था जिसमें परगट सिंह ने जीत हासिल की थी।
विधानसभा चुनाव के बाद वालिया ने अकाली दल का दामन थाम लिया। वालिया कैंट हलके में अपनी टीम के साथ सक्रिय चल रहे थे। हाल ही में जिला प्रधान गुरप्रात सिंह वडाला के स्वागती समारोह के दौरान भी मक्कड़ और वालिया के बीच ठन गई थी। सूत्रों के मुताबिक, पिछले दिनों मक्कड़ व वालिया के बीच खासी तकरार हुई। जिसमें मक्कड़ ने वालिया को कहा कि वह कैंट हलके के इंचार्ज हैं, इसलिए वह उनके साथ मिलकर चले। इसका वालिया ने कोरा जवाब दे दिया था। दोनों में खासी बहसबाजी हुई थी।
इस बहसबाजी के बाद वालिया सीधे अपने साथी डॉ. अमरजीत सिंह थिंद के साथ सुखबीर बादल के पास जा पहुंचे और मक्कड़ की शिकायत कर कहा कि वह मुझे दबके मारते हैं। सुखबीर बादल ने फिलहाल वालिया को आश्वासन देकर वापस भेज दिया है।
मुझे धमकाया : वालिया
एचएस वालिया ने कहा कि मक्कड़ ने उनको बुलाकर देख लेने की धमकी दी थी। हमने अकाली दल के सुप्रीमो सुखबीर बादल तक पहुंचा दी है। सुखबीर बादल को साफ कहा कि आप बोलो तो मैं काम करता हूं, आप बोलो तो नहीं।
मैं किसे नूं कुछ नहीं कहा : मक्कड़
पूर्व विधायक सर्बजीत सिंह मक्कड़ का कहना है कि मैं किसे नूं कुछ नहीं केहा। भावे इस बारे सुखबीर बादल तों पूछ ल्यो। मैं वालिये नूं क्यों कुछ कहूंगा। सब झूठ है।