हरियाणा सरकार ने नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति के लिए डीजी रैंक के पांच आईपीएस अधिकारियों का पैनल केंद्र सरकार को भेज दिया है। वरिष्ठता के हिसाब से 1988 बैच के आईपीएस पीके अग्रवाल का नाम सबसे ऊपर है। केंद्र सरकार पांच में से तीन नाम तय कर हरियाणा सरकार को भेजेगी।
राज्य सरकार इनमें से अपनी पसंद के एक आईपीएस को डीजीपी नियुक्त करेगी। 1989 बैच के आईपीएस मोहम्मद अकील और आरसी मिश्रा, 1990 बैच के शत्रुजीत कपूर और देश राज सिंह भी डीजीपी बनने की दौड़ में हैं। 1984 बैच के वरिष्ठ आईपीएस एसएस देसवाल और 1986 बैच के केके सिंधु दोनों अगस्त 2021 में रिटायर होने वाले हैं, इसलिए नए डीजीपी के पैनल में इनके नाम शामिल नहीं हैं।
केंद्र सरकार की तरफ से यूपीएससी तीन नाम तय करने के लिए बोर्ड गठित करेगा। बोर्ड पांचों नामों में से तीन आईपीएस को तमाम कसौटी पर कसने के बाद उनके नाम की सिफारिश प्रदेश सरकार से करेगी। वर्तमान डीजीपी मनोज यादव के आईबी में जाने की अनुमति मांगने के बाद सरकार ने नए डीजीपी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है। जब तक नए डीजीपी की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, यादव अपने पद पर काम करते रहेंगे।