चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) एक बार फिर शहर के कई हिस्सों में बने अपने आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों को बेचने की तैयारी कर रहा है। नीलामी के चौथे चरण में 33 संपत्तियों की समीक्षा के बाद ई-टेंडरिंग का फैसला लिया गया है, क्योंकि इन पर कोई अदालती केस आदि नहीं हैं।
जिन संपत्तियों को ई-टेंडरिंग में रखने का फैसला लिया गया है, उनमें सेक्टर-40 व मनीमाजरा में चार व्यावसायिक संपत्ति शामिल हैं। इसी तरह सेक्टर-39, 40, 41, 44, 45 और 52 की लीज होल्ड 15 आवासीय प्रॉपर्टी शामिल है। साथ ही सेक्टर-49, 51 व 63 की फ्री होल्ड आवासीय प्रॉपर्टी की भी ई-टेंडरिंग की जाएगी। 20 के करीब प्रॉपर्टी पर कोर्ट केस व अपील के चलते कोई फैसला नहीं लिया गया है, जिनका दोबारा से रिकार्ड जांचाजाएगा। सेक्टर-38वेस्ट के 4 बूथों को खाली करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं और सेक्टर-41 व मनीमाजरा की दो आवासीय संपत्तियों की अलॉटमेंट रद्द करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। इसके अलावा कई खस्ता हाल प्रॉपर्टी की हालत सुधारने के बोर्ड ने निर्देश दिए हैं। चीफ इंजीनियर ने दौरे के बाद खस्ता हाल प्रॉपर्टी को लेकर अपनी रिपोर्ट जमा की थी। कमेटी ने अपने दौरे के बाद ही बताया था कि मार्केट में उनकी कई प्रॉपर्टी की छत पर झाड़ियां व पेड़ उगे हुए थे, जिससे साफ है कि मानसून के दौरान रुटीन में इनकी सफाई नहीं की गई। इसके अलावा कई दुकानों के शटर भी नहीं खुले, क्योंकि जंग लगने व लंबे समय से इस्तेमाल न होने के चलते ये जाम हो गए हैं। अधिकतर घरों की खिड़कियों के शीशे टूटे हुए थे और गंदगी के कारण घरों के अंदर घुसना तक मुश्किल हो रहा था।