हरियाणा के सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर खट्टर सरकार ने तस्वीर साफ कर दी है। 31 मई से पहले स्कूलों में कोई छुट्टी नहीं होगी। सभी कार्य दिवसों में सुचारू रूप से कक्षाएं चलेंगी। दो दिन का अवकाश तभी घोषित किया जाएगा, जब जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक होगा। इसके लिए जिले के डीसी को मौखिक के साथ ही प्रस्ताव भेजकर अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा से अनुमति लेनी होगी। इसके बाद ही वे जिले के सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर सकेंगे।
स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश एक से 30 जून तक रहेगा। इससे पहले छुट्टियां होने को लेकर सोशल मीडिया पर डाले जा रहे पोस्ट कोरी अफवाह हैं। सरकार की जानकारी में आया है कि कुछ शरारती तत्व पुराने अधिकारिक पत्रों में छेड़छाड़ कर उन्हें सोशल साइट्स पर डाल रहे हैं। उनमें 23 और 26 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश दर्शाकर शिक्षकों और छात्रों को गुमराह किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के डीईओ और बीईओ को इस तरह के शिक्षकों की भी पहचान करने के निर्देश दिए हैं।