हरियाणा सरकार ने कोविड-19 की बंदिशों में और छूट दी है। शुक्रवार को मुख्य सचिव संजीव कौशल की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी सिनेमा हाल, थियेटर, मल्टीप्लेक्स 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे। इन संस्थानों को कोविड मानकों का पूरी तरह से पालन करना होगा। सरकार ने दसवीं से 12वीं कक्षा के स्कूलों के साथ ही पहली फरवरी से यूनिवर्सिटी, कॉलेज, आईटीआई, बहुतकनीकी संस्थानों, कोचिंग संस्थान, लाइब्रेरी व प्रशिक्षण केंद्रों को भी खोलने की मंजूरी दे दी है। ये आदेश सभी सरकारी व निजी संस्थानों पर लागू होंगे।
शिक्षण संस्थानों को कोविड मानकों को पालन करना होगा। 15 से 18 साल के किशोरों को तभी प्रवेश दिया जाएगा, जब उन्हें पहली डोज लगी होगी। बिना टीकाकरण कोई भी विद्यार्थी भौतिक रूप से कक्षाएं नहीं लगा पाएगा। यूनिवर्सिटी सहित सभी शिक्षण संस्थानों को अपने स्तर पर कोविड गाइडलाइन जारी करनी होगी। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने सभी डीसी को कहा है कि नए आदेश का सख्ती से पालन कराएं।
हरियाणा में 4630 नए मामले
हरियाणा में शुक्रवार को 4630 नए कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमण दर 15.44 फीसदी और रिकवरी दर 95.49 प्रतिशत है। अब कोरोना केसों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। हालांकि, बीते 24 घंटे में 19 मरीजों की मौत हुई। गुरुग्राम, हिसार, पानीपत और पंचकूला में 3-3, कुरुक्षेत्र 2, कैथल, यमुनानगर, सिरसा, करनाल और फरीदाबाद में एक-एक मरीज ने दम तोड़ा। मृत्यु दर 1.09 फीसदी पहुंच गई है। संक्रमण के कारण अब तक 10256 लोग जान गंवा चुके हैं।
नए केस: गुरुग्राम में 1545, फरीदाबाद 407, हिसार 239, सोनीपत 246, करनाल 215, पानीपत 151, पंचकूला 359, अंबाला 202, सिरसा 85, रोहतक 184, यमुनानगर 104, भिवानी 168, कुरुक्षेत्र 108, महेंद्रगढ़ 174, जींद 35, रेवाड़ी 87, झज्जर 52, फतेहाबाद 114, कैथल 47, पलवल 47, चरखी दादरी 18 और नूंह में 43 नए मामले सामने आए हैं।