हरियाणा सरकार ने कोविड की मार झेल रहे साढ़े तीन लाख किसानों को बड़ी राहत दी है। फसली ऋणों की अदायगी के भुगतान की तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। इससे किसानों को लगभग 35 करोड़ रुपये ब्याज राहत प्राप्त होगी।
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने बताया कि रजिस्ट्रार सहकारी समितियों ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के माध्यम से दिए गए फसली ऋणों की अदायगी अब किसान नई तिथि के अनुसार कर सकेंगे।
सरकार के निर्णय के तहत रबी फसल के ऋण की भुगतान तिथि एक सितंबर, 2020 से 28 फरवरी, 2021 तक थी। भुगतान 30 जून, 2021 या इससे पूर्व कर सकते थे। सरकार ने इसे बढ़ाकर 31 अगस्त, 2021 कर दिया गया है। इसी प्रकार खरीफ फसल 2021 के ऋण भुगतान की तिथि 1 मार्च, 2021 से 31 अगस्त, 2021 तक थी। इसे बढ़ाकर 30 सितंबर, 2021 तक कर दिया है। किसानों की भलाई में सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है । अन्य वर्गों के साथ ही किसानों को भी कोरोना ने खासा प्रभावित किया है।