कार्यालयों एवं कार्यस्थलों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन पर आरोग्य सेतु एप को इंस्टॉल करना होगा और अपनी स्वास्थ्य स्थिति को नियमित रूप से अपडेट करना होगा। डॉक्टरों, नर्सों और पैरा-मेडिकल स्टाफ, सफाई कर्मचारियों और एंबुलेंस को बिना किसी रोक-टोक के राज्य के भीतर और एक राज्य से दूसरे राज्य में आने-जाने की अनुमति होगी।
इसके अतिरिक्त, खाली ट्रकों सहित व्यापार से संबंधित किसी भी प्रकार के सामान व कार्गो को भी एक राज्य से दूसरे राज्य में आवागमन की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त, इस अवधि के दौरान सभी घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा, मेट्रो रेल सेवा, स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। होटल, रेस्तरां एवं अन्य अतिथि सेवाएं बंद रहेंगी। लेकिन बस डिपो, रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों पर कैंटीन चलाने की अनुमति होगी।
रेस्तरों को खाद्य वस्तुओं की होम डिलीवरी के लिए किचन चलाने की अनुमति होगी। सभी सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, जिम, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थिएटर, बार, सभागार आदि बंद रहेंगे। खेल परिसरों तथा स्टेडियमों को खोलने की अनुमति होगी लेकिन दर्शकों को वहां आने की अनुमति नहीं होगी। सभी सामाजिक, राजनैतिक, खेलकूद, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक कार्य, अन्य सभाओं तथा सम्मेलनों पर प्रतिबंध रहेगा। इसी प्रकार, सभी धार्मिक एवं पूजा स्थल लोगों के लिए बंद रहेंगे और धार्मिक सभाओं पर प्रतिबंध रहेगा।
लोगों द्वारा सभी सार्वजनिक एवं कार्यस्थलों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। सार्वजनिक स्थलों पर शराब, पान, गुटका, तंबाकू आदि के सेवन की अनुमति नहीं होगी और थूकना दण्डनीय अपराध होगा। दुकानों पर ग्राहकों के बीच कम से कम छह फीट की दूरी सुनिश्चित की जाएगी और एक समय पर पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने की अनुमति नहीं होगी।
टैक्सी, कैब में ड्राइवर समेत बैठ सकेंगे तीन यात्री
हरियाणा परिवहन विभाग ने लॉकडाउन-4 के दौरान वाहनों में बैठने की क्षमता तय दी है। टैक्सी व कैब में चालक के अलावा दो यात्रियों को बैठाने की अनुमति होगी। ड्राइवर समेत गाड़ी में कुल तीन व्यक्ति बैठ सकेंगे। इसी प्रकार मैक्सी कैब में बैठने की क्षमता से आधी संख्या, ऑटो-रिक्शा व ई-रिक्शा में चालक के अलावा दो व्यक्ति बैठाने की अनुमति होगी।
दुपहिया वाहन में चालक के पीछे एक व्यक्ति ही बैठ सकता है, जबकि दोनों को हेलमेट, मास्क और ग्लब्स पहनने अनिवार्य होंगे। किसी व्यक्ति द्वारा खींची जाने वाली रिक्शा में दो से अधिक आदमी नहीं बैठाए जाएंगे। कंटनेमेंट जोन में आवागमन पर कड़ाई से प्रतिबंध रहेगा तथा केवल आपातकालीन व आवश्यक सामान, सेवाओं के लिए ही वाहन चलने की अनुमति होगी।