हरियाणा सरकार ने स्वर्ण जयंती समारोह को बड़े पैमाने पर आयोजित करने की तैयारी कर ली है। इस दौरान मंच पर कई नामी स्टार नजर आएंगे। सरकार ने सभी को न्योता भेजने के लिए कह दिया है। राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बेदी यहां हरियाणा मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बेदी ने बताया कि मंत्री समूह की बैठक में स्वर्ण जयंती समारोह को यादगार बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा खेलों का महाकुंभ भी इसी दौरान आयोजित किए जाने पर पूरा जोर दिया जा रहा है। स्वर्ण जयंती वर्ष के लिए प्रदेश की खेल, शिक्षा, कला एवं संस्कृति जैसे क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न विभूतियों को शामिल कर कमेटियां बनाई जाएंगी।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम मिलने के बाद सरकार इस आयोजन को यादगार बनाना चाह रही है। इसलिए उन अधिकारियों की भी सेवाएं लेने के लिए कह दिया गया है जो लोग सिल्वर जुबली समारोह में अपना योगदान दे चुके हैं।