हरियाणा विधानसभा में सीएम मनोहर लाल
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
एसवाईएल विवाद और अलगाववादी ताकतों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करारा जवाब दिया है। एसवाईएल पर बने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के गीत को लेकर मनोहर लाल ने कहा कि कोई किसी का हक नहीं मार सकता। ऐसे गीतों से बचना चाहिए जो भावनाओं को भड़काते हैं और तनाव पैदा करते हैं। बड़े से बड़े मसले का हल भी बैठकर ही होता है। पंजाब में अलगाववादी विचारधारा को लेकर मनोहर लाल ने चेताया है कि अलगाववादी विचार का आगे बढ़ना देश और प्रदेश के लिए ठीक नहीं है।
मुख्यमंत्री सोमवार को कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पंजाब के संगरूर लोकसभा के उपचुनाव में सिमरनजीत सिंह मान की जीत पर मनोहर लाल ने कहा कि अलगाववाद के आगे बढ़ने को उचित नहीं कहा जा सकता। पंजाब की स्थिति हम सभी को मिलकर संभालनी होगी, क्योंकि पंजाब हरियाणा का पड़ोसी राज्य है।
अगर पंजाब में स्थिति बिगड़ती तो हरियाणा पर इसका असर पड़ सकता है। इसलिए हरियाणा सरकार पूरी तरह से अलर्ट है और हर बात पर नजर है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियों को हराकर नई पार्टी आप को मौका दिया। आप ने बड़े बड़े वादे किए लेकिन वो वादे पूरे नहीं कर पा रही है। भविष्य में भी उनको पूरा करना आसान नहीं है। लोकसभा चुनाव में साफ हो गया है कि पंजाब में आप का जनाधार साफ हो रहा है।
रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा के मनोहर लाल के साथ होने के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मित्रतावश उन्होंने ऐसा कहा होगा। रोहतक की पहरावर गांव की जमीन को लेकर पूछे सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि इसके लिए कमेटी बना रखी है। जल्द ही कमेटी की रिपोर्ट आ जाएगी।