हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला
हिसार में किसानों और पुलिस के बीच रविवार को हुए टकराव के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट सौंपी। मुख्यमंत्री ने शाह के आवास पर हिसार घटना के हर पहलू से अवगत करवाया।
शाह ने मुख्यमंत्री से किसानों पर हुए लाठीचार्ज का कारण भी पूछा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें बताया कि किसानों के नाम पर कुछ लोग कोविड अस्पताल के उद्घाटन में खलल डालने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन उनके उग्र होने पर स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
शाह ने मुख्यमंत्री से कहा कि कोविड को देखते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने शाह को आश्वस्त किया कि भविष्य में किसान आंदोलन से जुड़े मामले में कोई भी कदम शीर्ष नेतृत्व से विचार विमर्श कर ही उठाया जाएगा।
शाह ने दी कोविड प्रबंधन पर अधिक ध्यान देने की सलाह
मुख्यमंत्री ने मुलाकात के बाद बताया कि लंबे समय से दिल्ली में शीर्ष नेताओं से भेंट नहीं हुई थी। किसान आंदोलन और कोविड की ताजा स्थिति से केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया है। टीकाकरण के प्रबंधों की भी उन्हें जानकारी दी। हिसार घटनाक्रम का संपूर्ण विषय उनके समक्ष रखा।
वह भी इस बात से सहमत हैं कि अस्पताल के कार्य का विरोध करना उचित नहीं है। केंद्रीय नेतृत्व को यह जानकारी दी है कि रविवार शाम पुलिस और किसानों के बीच बातचीत हुई है। किसानों ने आगे इस प्रकार का विरोध स्थगित कर दिया है। शाह ने कहा है कि सरकार कोविड प्रबंधन पर अधिक ध्यान दे। किसान आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। अधिक से अधिक टीकाकरण के लिए किसानों को राजी करें।