असंतुष्ट विधायकों के दबाव के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का समय मांग लिया है। 11 मार्च को विभिन्न राज्यों के चुनाव नतीजे आने के बाद खट्टर को किसी भी समय दिल्ली बुलाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम पर आलाकमान कोर कमेटी की बैठक में बड़ा निर्णय ले सकता है।
वर्तमान में पार्टी में असंतुष्ट विधायकों की खेमेबाजी बढ़ती जा रही है। इन विधायकों को सरकार के ही एक मंत्री का वरद हस्त प्राप्त है। पिछले कुछ दिनों में इन विधायकों की कई अहम और गुप्त बैठकें हो चुकी हैं। मामले ने तूल तब पकड़ा, जब कांग्रेस के विधायक कुलदीप शर्मा ने यह खुलासा कर दिया कि भाजपा विधायक उनके संपर्क में हैं और गुड़गांव से भाजपा विधायक उमेश अग्रवाल से उनकी मीटिंग भी हो चुकी है।
ऐसे में प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए सीएम की ओर से समय मांगा जाना इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि 16 मार्च को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पूरे 12 घंटे बैठकों का दौर चलना है, जिसमें विधायक दल की बैठक, मंत्रिमंडल की बैठक और कोर कमेटी की बैठक होगी।