मिशन 2024 को फतेह करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहले से ही जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच में हैं। अब भाजपा संगठन और सरकार जनता के बीच में जाएंगे। केंद्र में सरकार के नौ साल पूरे होने पर पहले जून माह में भाजपा की ओर से महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा जबकि एक जुलाई से मंत्रियों को फील्ड में उतारा जाएगा। भाजपा संगठन और सरकार के कार्यक्रमों को लेकर मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक की।
करीब तीन घंटे तक चली बैठक में सरकार के कार्यों का फीडबैक लिया गया और आगामी कार्यक्रमों का रोडमैप बताया। साथ ही मंत्रियों को जन संवाद कार्यक्रमों को लेकर टिप्स भी दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि चुनाव में अभी अधिक समय नहीं, इसलिए जनता के बीच में जाकर अपनी खासियतें बतानी हैं और फीडबैक लेना है। मंत्रियों के बाद विधायकों और पदाधिकारियों के भी गांवों में संवाद कार्यक्रम रखे जाएंगे।
महेंद्रगढ़ में शुरू होने वाले सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई। वहीं, विधायकों से उनके हलकों के लंबित कार्यों और आ रही दिक्कतों को लेकर बात की गई। मुख्यमंत्री ने विधायकों को भी जनता के बीच में रहने और उनकी समस्याओं को दूर कराने का निर्देश दिया है।
राहुल का अच्छा कदम, सेहत अच्छी रहेगी
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राहुल गांधी की ट्रक यात्रा पर चुटकी ली। मनोहर लाल ने कहा कि उनका अच्छा कदम है, इससे उनकी हेल्थ अच्छी रहेगी। वहीं, कांग्रेस विधायकों द्वारा टूटी सड़कों का मुद्दा उठाने पर मनोहर लाल ने कहा कि आलोचना करना विपक्ष का काम है लेकिन कुछ काम रूटीन के होते हैं। अभी कुछ कामों के टेंडर लगने हैं और कुछ के टेंडर जल्द ही लग जाएंगे। सरकार राज्य के विकास कार्यों को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरत रही है। जल्द ही आंकड़ों के साथ इस पर चर्चा की जाएगी।
दीपेंद्र हुड्डा पर पलटवार, भाजपा लोगों को स्वावलंबी बनाती है
कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश चुनाव में कांग्रेस की गारंटियों को हरियाणा में लागू किए जाने के दीपेंद्र हुड्डा के वादों पर मनोहर लाल ने कहा कि जिनके हिसाब-किताब कमजोर होते हैं, वही ऐसी बातें करते हैं। हरियाणा की जनता कांग्रेस की लोक लुभावनी बातों से प्रभावित नहीं होने वाली है। भाजपा सरकार ने लोगों को स्वावलंबी बनाने का काम किया है और भविष्य में भी जनहित में काम करते रहेंगे।