हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की 360 घोषणाएं संभव नहीं हैं। 687 अभी लंबित हैं, जबकि 73 फीसदी पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014-2021 के बीच कुल 8315 घोषणाएं की, जिनमें से 5744 पर काम पूरा हो चुका है। 1527 अभी प्रगति पर हैं।
लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बताया कि कुल 1120 घोषणाओं में से केवल 114 ही लंबित हैं। लगभग 76.23 प्रतिशत यानी 840 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 148 परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव अमित झा ने बताया कि कुल 1623 घोषणाओं में से केवल 128 लंबित हैं। इन पर काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। लगभग 60 प्रतिशत यानी 922 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 485 परियोजनाएं प्रगति पर हैं। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की लगभग 86 प्रतिशत घोषणाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। कुल 1408 घोषणाओं में से 1179 को पूरा कर लिया गया है और बाकी पर काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। 133 परियोजनाएं प्रगति पर हैं।