मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा ने परिवारवाद के खिलाफ आवाज उठाई तो राहुल गांधी ने अच्छा फैसला लिया और कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर बोले, अब गांधी परिवार के अंदर से कोई पार्टी अध्यक्ष नहीं बनेगा, लेकिन तीन महीने तलाश के बाद भी पूरे देश में कांग्रेस को अध्यक्ष बनने वाला नहीं मिला। वहीं ढाक के तीन पात सोनिया गांधी को अध्यक्ष बनाया गया।
जितनी चद्दर हो, उतने पैर पसारने चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 2014 की तरह अब फिर फ्री-फ्री-फ्री का घोषणा पत्र जारी किया। कहां से लाएंगे रुपये। जितनी जरूरत हो उतना ही देना चाहिए और जितनी चादर हो उतने ही पैर पसराने चाहिए। घोषणा पत्र में करोड़ों रुपये की घोषणा कर दी। अर्थशास्त्रियों ने कहा कि चार जन्म लेकर भी इस घोषणा पत्र की बातें पूरी नहीं हो सकतीं। भाजपा ने संकल्प पत्र में वही कहा जो कर सकते हैं, क्योंकि म्हारी नीयत साफ है। ये फर्क साफ दिखता है।
जब सीएम बोले, 370 क्या कांग्रेस को काट्टे है
सीएम ने कहा कि जब 370 की बात होती है तो कांग्रेसी कहते हैं यह कोई मुद्दा नहीं है। कहते हैं कि विधानसभा चुनाव में 370 की चर्चा क्यों कर रहे हैं, तो मैं कहूंगा कि 370 क्या कांग्रेस को काट्टे है (काटती है)। प्रदेश में सबसे ज्यादा शहीद हैं, आतंकवाद को खत्म करना जरूरी था। आज 370 की चर्चा हर घर में है। 370 खत्म नहीं होती तो शहादत का सिलसिला नहीं रुकता।
जो खाया है उसे भी निकाल लूंगा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार को खत्म किया। प्रधानमंत्री ने नारा दिया था कि ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा, हमने इसे आगे बढ़ाया और कहा कि ना खाएंगे, ना खाने देंगे और जिसने गलत तरीके से खाया उसका भी निकाल लेंगे। भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा नुकसान गरीब जनता को होता है। आज प्रदेश की जनता भाजपा सरकार बनाने के मूड में है।