फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा विस चुनावः गुरुग्राम समेत 8 से ज्यादा जगहों पर झड़प, किलोई में युवक के पैर में मारी गोली

Tue, 22 Oct 2019 08:59 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतक (हरियाणा)
विज्ञापन
haryana Assembly elections - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा में मतदान के दौरान कैथल में पथराव समेत रोहतक में एक जगह फायरिंग तो अंबाला, नारनौल, जींद, झज्जर, सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत आठ से अधिक जगहों पर झगड़े व झड़प की घटनाएं हुईं। कैथल में आईटीआई बूथ पर सायं के समय रणदीप सुरजेवाला के भाई सुदीप सुरजेवाला के बूथ पर पहुंचने को लेकर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। 

विज्ञापन


लोगों ने भाड़े के युवक बताकर बाहर खड़े युवकों का पीछा कर उन पर पथराव कर दिया और उनकी तीन गाड़ियों के भी शीशे तोड़ डाले। प्रशासन ने लाठीचार्ज कर लोगों को मौके से खदेड़ा। इसके बाद रणदीप सुरजेवाला, भाजपा प्रत्याशी लीला राम सहित डीसी, एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। 

रोहतक में पूर्व सीएम हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला-किलोई के गांव जसिया में जहां पुराने विवाद को लेकर पवन नामक युवक को गांव के ही युवक के पैर में गोली मार दी तो सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के हलके में कांग्रेस एजेंट से मारपीट के आरोप में भाजपा के निगम पार्षद धर्मेंद्र गुलिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 

विज्ञापन

अंबाला शहर विधानसभा भुड़ंगपुर में पीठासीन अधिकारी को वोट डालने को लेकर हुई बहस के बाद थप्पड़ मारा। कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा। चरखी दादरी के गांव पैंतावास खुर्द व बाढ़डा हलके के गांव दातोली के ग्रामीणों ने पानी की समस्या का समाधान नहीं होने पर मतदान प्रक्रिया में भाग ही नहीं लिया।  

जींद के उचाना कलां में प्रेमलता के गांव में फर्जी वोट डलने के आरोप में भाजपा और जेजेपी समर्थकों में विवाद हुआ। विधानसभा क्षेत्र के गांव डूमरखां खुर्द व कलां में भाजपा और जेजेपी समर्थकों के बीच मतदान को लेकर विवाद हुआ। दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंट सोहन व चार अन्य ने उन पर गिलास फेंका। 

झज्जर में झज्जर रोड स्थित फाउंडेशन स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र के बाहर कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा हो गया। निवर्तमान विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी नरेश कौशिक के भाई, भतीजे एवं भांजे पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया। बहादुरगढ़ में झज्जर रोड स्थित फाउंडेशन स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र व लाइनपार स्थित वैश्य कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र में इनेलो समर्थकों व कांग्रेस से पूर्व चेयरमैन रवि खत्री के साथ झगड़ा हुआ। इनेलो कार्यकर्ताओं पर चेयरमैन व एक अन्य कार्यकर्ता के साथ मारपीट के आरोप लगाए। 

कैथल में पुलिस ने किया लाठी चार्ज - फोटो : अमर उजाला
सिरसा के ऐलनाबाद में मतदान के दिन शहर में इनेलो की नुमाइंदगी कर रहे पूर्व मंत्री भागीराम और भाजपा नेता व नपा चैयरमैन रवि लढ़ा में ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों के चलते तीखी नोकझोंक हुई। भागीराम ने जान से मारने की धमकी देने के बारे में स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। उधर भाजपा के रवि लढ़ा का कहना है कि नोकझोंक की शुरुआत भागीराम की ओर से हुई।  

फतेहाबाद में टोहाना के बूथ नंबर 77 पर गड़बड़ी का आरोप जजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली ने लगाया। फतेहाबाद के गांव धांगड़ में प्रिजाइडिंग अधिकारी पर एक मतदाता को मोबाइल का इस्तेमाल करने पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। 

नारनौल के नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के छापड़ा गांव में भाजपा व जजपा समर्थकों के बीच विवाद होने से एक युवक सिर में चोट लगने से घायल हो गया। घटना को लेकर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। जजपा प्रत्याशी मूलाराम छापड़ा गांव के निवासी है। सोमवार को गांव के बूथ के बाहर उनके समर्थक व भाजपा कार्यकर्ता के बीच वोट डालने को लेकर विवाद हो गया था। 

बूथ के बाहर दोनों गुटों में मारपीट होने की सूचना है। दूसरी ओर खतौली जाट गांव में वोट डालने को लेकर विवाद हुआ था। इससे करीब तीन घंटे मतदान प्रभावित हुआ। गांव के लोग स्वराज इंडिया के प्रत्याशी वोट देने की बात कर रहे थे। दोपहर में मौके पर डीसी जगदीश शर्मा व एसपी दीपक सहारण पहुंचे और मामले को संभाला। 

सोनीपत में शहर के एसएम हिंदू स्कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर-25 पर करीब दस बजे निर्दलीय प्रत्याशी रमेश खत्री पहुंच गए। वह वहां का दौरा करते हुए पोलिंग बूथ के अंदर पहुंच गए। बूथ में नियुक्त कर्मचारियों ने बताया कि वह सीधे ही अंदर आकर बैठ गए। इस पर अन्य पार्टियों के मतदाताओं ने एतराज जताया। वहीं प्रत्याशी रमेश खत्री ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उसे हाथ पकड़कर बाहर निकाला। 

अधिकारियों ने यहां प्रत्याशियों की लिस्ट नहीं चस्पा कराई, जिससे मतदाताओं को सही जानकारी नहीं मिल रही है। यह हंगामा देखकर मजिस्ट्रेट डीके जैन और थाना शहर प्रभारी सत्यवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने नियम अनुसार एजेंट का फार्म भरकर अंदर बैठने की बात कही। बाद में उन्हें शांत करा एजेंट का फार्म भरवाया और बूथ के अंदर बैठाया। जिसके बाद मामला शांत हो सका।

गुड़गांव के तावडू उपमंडल के गांव चीला में फर्जी मतदान को लेकर भाजपा व बसपा के समर्थक भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से हुए पथराव में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। राजकीय मिडिल स्कूल चीला में करीब 11:30 बजे बूथ संख्या 177 पर फर्जी मतदान को लेकर बसपा व भाजपा प्रत्याशी के एजेंट के बीच कहासुनी हो गई।

बसपा एजेंट जफरुदीन का आरोप था कि भाजपा एजेंट फर्जी मतदान करा रहा है और एक ही व्यक्ति से बार-बार वोट डलवाए जा रहे हैं। एजेंट के विरोध करने पर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। पोलिंग टीम ने मतदान केंद्रों के दरवाजे बंद कर अपनी व मशीनों की सुरक्षा की। भाजपा के एजेंट खालिद ने फर्जी मतदान की बात को झूठा व निराधार बताया है।

सिरसा में ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगे तो कई जगह खराबी के चलते 20 मिनट से लेकर एक घंटा देरी से हुआ मतदान

सिरसा में हलोपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगाए जिस कारण मतदान आधा घंटा देरी से शुरू हुआ। तो कई जगह खराबी के चलते 20 मिनट से लेकर एक घंटा देरी तक मतदान रोका गया। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में शहर के जनता भवन में बूथ नंबर 84 में सुबह नौ बजे ईवीएम में खराबी आ गई। 

मतदान करीब आधा घंटे तक बंद रहा। वहीं शाम को केलनियां में भाजपा उम्मीदवार के पहुंचने पर हलोपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। वोटिंग कुछ समय के लिए बंद हो गई। भारी पुलिस बल बूथ पर तैनात किया गया और पुलिस ने लोगों को शांत करवाया। तब कहीं जाकर दोबारा से मतदान शुरू हो पाया।

बहादुरगढ़ में बूथ नंबर 112 में ईवीएम में खराबी के कारण 50 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ । झज्जर के बूथ नंबर 67 पर वीवी पैट मे दिक्कत आने से 20 मिनट मतदान प्रभावित हुआ। अंबाला के मुलाना विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले बूथ नंबर 37 पर एक घंटा लेट मतदान शुरू हुआ। इसी तरह उगाला बूथ नंबर 245 पर 46 मिनट मतदान देरी से शुरू हुआ। 

नारायणगढ़ के गांव डहर में बूथ नंबर 115 पर सुबह के समय ही मशीन खराब होने से मतदान 28 मिनट देरी से शुरू हुआ। मुलाना स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में वीवीपैट मशीन खराब होने के कारण चुनाव लगभग 40 मिनट प्रभावित हुआ। दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर खराब वीवीपैट मशीन को 2 बजकर 45 मिनट पर बदला गया।
विज्ञापन

मुलाना में शाम को 5 बजकर 50 पर वीवी मशीन खराब हो गई। मौके पर दूसरी मशीन लगा कर मतदान करवाया गया। वहीं डूलियाना गांव में मतदान सुबह करीब एक घंटा देरी से हुआ था। फतेहाबाद में तकरीबन सात-आठ जगह ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान रोका गया। फतेहाबाद हलके में दो-तीन बार, भट्टू में 4 बार, टोहाना में तीन पोलिंग बूथ पर ईवीएम मशीन खराब हो गई, जिसके कारण मतदान प्रभावित हुआ। 

सिरसा में कुछ जगहों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगाए तो कहीं ईवीएम में खराबी आई। करनाल में एक बूथ पर नहीं चली वीवीपैट, दूसरी से शुरू करवाया मतदान। पानीपत में आधा दर्जन से अधिक केंद्र पर खराब रही मशीनें। भिवानी के विभिन्न स्थानों पर ईवीएम व वीवीपैट में खराबी मामले भी सामने आए जिस कारण मतदान शुरू करने में 20 मिनट से एक घंटे तक देरी हुई। मशीनों में खराबी के मामले भिवानी विधानसभा के अलावा तोशाम, बवानीखेड़ा में भी सामने आए। इसके चलते मतदान बाधित हुआ।

नलवा के सरसाना और उकलाना के गांव कंदूल में खाना खाने के बहाने कर्मचारियों ने रोका मतदान
चुनाव आयोग के नियमों की अनदेखी करके नलवा हलके के गांव सरसाना और उकलाना के गांव कंदूल में कर्मचारियों ने खाना खाने के नाम पर मतदान प्रक्रिया को रोक दिया। सरसाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बने बूथ नंबर 15 मिनट, जबकि कंदूल के राजकीय मिडल स्कूल में बने बूथ नंबर 61 पर दस मिनट तक एक भी मतदाता वोट नहीं डाल सका। सरसाना में तो कर्मचारी मतदान के लिए बने कमरे का गेट ही बंद करके दूसरे कमरे में चले गए। वहीं, कंदूल में वोटिंग रोके रखने के कारण महिला मतदाताओं ने फर्श पर बैठकर वोटिंग शुरू होने का इंतजार किया।
 
विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2019 के सटीक नतीजे देखें सबसे पहले हिंदी न्यूज वेबसाइट अमर उजाला पर। पाएं हरियाणा विधानसभा चुनाव  के परिणामों का लाइव अपडेट व सभी राज्यों के विधानसभा-लोकसभा उपचुनावों के नतीजे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें