गुरदासपुर के सांसद और अभिनेता सनी देओल ने गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी एवं प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के समर्थन में रोड करके वोट की अपील की। लगभग एक बजे हेलीकॉटर से टोहाना पहुंचे सनी देओल का रोड शो तिलक कॉटन मील से एक खुली जीप में शुरू हुआ। रोड शो आंबेडकर चौक से महाराजा अग्रसेन चौक, रेलवे रोड, लक्कड मार्केट, सैनी चौक, अनाज मंडी रोड, चंडीगढ़ रोड से गुजरता हुआ कैंची चौक पर समाप्त हुआ।
कैंची चौक पर शहीदों को नमन करते हुए सनी देओल ने कहा कि मैंने सुना है कि आपके बीच में ऐसा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है जो कि युवाओं को नशा और पैसे दिखाकर उनके जमीर को खरीदना चाहता है, क्या इस प्रकार की छवि के नेता से समाज का भला हो सकता है, इस प्रकार के व्यक्ति को तो वोट की चोट से सबक सिखाना चाहिए।
फिल्मी अंदाज में जब सनी देओल ने कहा युवाओं को बहका कर वोट लेने वाले कातिया तुझे टोहाना की जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि आपकी एक वोट से जहां प्रदेश की भाजपा सरकार बनेगी वहीं सुभाष बराला कैबिनेट मंत्री बनेंगे। आप बराला को जिताओ कैबिनेट मंत्री बनवाना मेरे जिम्मे है।
सुभाष बराला को अपना मित्र बताते हुए उन्होंने कहा कि आपका वोट सुभाष बराला के साथ मनोहर लाल को मिलेगी और मुझे आपका वोट रूपी प्यार मिलेगा। इस अवसर पर सुभाष बराला ने कहा कि पिछले पांच साल की सरकार में मैंने व मेरे परिवार ने सेवक बनकर जनता की सेवा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों की रक्षा करने का संकल्प लिया था जिसका पालन मैंने चौकीदार बन कर किया है।