हरियाणा विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रदेश भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से अर्धसैनिक बलों, राज्य सशस्त्र पुलिस, भारतीय रिजर्व बटालियन व बॉर्डर विंग होम गार्ड सहित सुरक्षा बलों की कुल 120 कंपनियां मिल गई हैं। 120 में से 32 कंपनियां पहले ही हरियाणा में आ चुकी हैं, मंगलवार से इन कंपनियों ने सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए जिलों में फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है।
डीजीपी मनोज यादव ने बताया कि 88 सुरक्षा कंपनियां आनी बाकी हैं, ये 10 अक्टूबर तक तैनात हो जाएंगी। पुलिस की टीमें लगातार हर चीज की कड़ी निगरानी रख रही हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि सीआरपीएफ की 5, बीएसएफ की 11 और सीआईएसएफ की 16 कंपनियों को भेजा गया है। इसके अतिरिक्त केंद्र ने हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से 5-5, पंजाब से 15, राजस्थान और त्रिपुरा से 10-10, मिजोरम और मेघालय से 8-8, सिक्किम और उत्तराखंड से 3-3, मणिपुर से 6 और हरियाणा से आर्म्ड पुलिस व आईआरबी की 10 कंपनियों को तैनात किया है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड और विशेष पुलिस अधिकारियों सहित राज्य पुलिस बल के 55,000 से अधिक जवान तैनात रहेंगे। डीजीपी मनोज यादव ने जिला पुलिस प्रमुखों सहित सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और चुनाव के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। किसी को भी मतदान प्रक्रिया को बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो कोई भी कानून व्यवस्था को बिगाड़ने और मतदान प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाएंगे।