हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी ने 22 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें महिलाओं, किसान, पूर्व सैनिक, पत्रकारों समेत समाज के सभी वर्गों पर भरोसा जताया गया है। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री व आप के हरियाणा प्रभारी गोपाल राय के साथ विचार विमर्श के बाद राज्यसभा सांसद एवं सह प्रभारी सुशील गुप्ता और प्रदेशाध्यक्ष पंडित नवीन जयहिंद ने नामों की घोषणा की है।
गुप्ता व जयहिंद ने बताया कि प्रत्याशी चयन के मामले में उन लोगों को तरजीह दी है, जिन्होंने संगठन के लिए काम करते हुए हर मोर्चे पर पार्टी की आवाज बुलंद की। आने वाले दिनों में अन्य सीटों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। सभी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया जारी है।