हरियाणा विधानसभा चुनाव की आहट होते ही पंचकूला और कालका विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब तक सिर्फ इनेलो ने ही दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है, लेकिन सभी दलों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पंचकूला में अब तक यूनिवर्सिटी नहीं होना इस चुनाव में अहम मुद्दा बनेगा।
उम्मीद है कि सभी दल इसे घोषणा पत्र में शामिल करेंगे। यह तो बाद की बात है, लेकिन इस पर राजनीति अभी से होने लगी है। दरअसल, पंचकूला के छात्र-छात्राओं को पंजाब यूनिवर्सिटी में महज 15 फीसदी सीटों पर दाखिला मिलता है। इसे देखते हुए लंबे समय से पंचकूला में यूनिवर्सिटी बनाने की मांग उठ रही है।
केंद्र सरकार ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेकभनोलॉजी के लिए मंजूरी दी थी, लेकिन कांग्रेसी नेताओं की आपसी अनबन के कारण अब तक इसे अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। अभी पंचकूला जिले में चार कॉलेज हैं, जिनमें दो शहरी क्षेत्र में हैं।
कांग्रेस का वादा हकीकत से परे
कांग्रेस ने वादा किया था कि सत्ता में आने पर सबसे पहले यूनिवर्सिटी बनवाएंगे, लेकिन हकीकत लोगों के सामने है। प्रदेश के अन्य जिलों में सुविधाएं हैं, लेकिन पंचकूला से भेदभाव जारी है। पीयू में सभी को दाखिला मिलता नहीं। मजबूरन विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करनी पड़ती है। अगर भाजपा का विधायक बनता है तो पंचकूला में यूनिवर्सिटी बनवाई जाएगी।
- ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा
यूनिवर्सिटी के साथ स्कूल भी खुलवाऊंगा
जिले में यूनिवर्सिटी नहीं होने की वजह से उच्च शिक्षा में दिक्कतें आती हैं। 10 साल के कार्यकाल के दौरान सिर्फ एक गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स-14 की शुरुआत की गई। अगर इंडियन नेशनल लोकदल सत्ता में आती है तो पंचकूला में यूनिवर्सिटी के साथ-साथ पांच स्कूल भी खोले जाएंगे, ताकि अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के लिए ज्यादा टेंशन न लेनी पड़े।
- कुलभूषण गोयल, इनेलो प्रत्याशी, पंचकूला
प्राथमिकता पर यूनिवर्सिटी का काम कराएंगे
पंचकूला में यूनिवर्सिटी की शुरुआत की मांग काफी पहले से की जाती रही है। कांग्रेस की कोशिश है कि स्टूडेंट्स को उच्च शिक्षा के लिए यूनिवर्सिटी की सुविधा मिले। इसे प्राथमिकता पर काम करवाने की सूची में शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को चंडीगढ़ की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। इस मुद्दे पर कांग्रेस गंभीर है और हर हाल में लोगों की यह मांग पूरी की जाएगी।
- डीके बंसल, मौजूदा विधायक