नवजोत सिद्धू द्वारा अपने सलाहकार के तौर पर नियुक्त प्रो. प्यारा लाल गर्ग और मालविंदर सिंह माली ने हाल के दिनों में कश्मीर और पाकिस्तान के मुद्दों के अलावा कैप्टन सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार अभद्र और विवादास्पद टिप्पणियां कीं। जिन्हें लेकर एक तरफ कांग्रेस हाईकमान राष्ट्रीय स्तर पर विरोधियों खासकर भाजपा के निशाने पर आ गई। वहीं पंजाब में कांग्रेस को विपक्ष और जनता से सामने फजीहत झेलनी पड़ी।
उधर, भारी विरोध के बावजूद सिद्धू अपने सलाहकारों के व्यवहार पर अब तक चुप्पी साधे हैं। पिछले सप्ताह जवाब तलब किए जाने पर सिद्धू ने सलाहकारों का बचाव करते हुए हाईकमान से कहा कि उनके सलाहकारों के बयान तोड़मरोड़ कर पेश किए जा रहे हैं। माली ने कश्मीर को लेकर अपने फेसबुक पेज पर लिखा था कि भारत ने कश्मीर पर कब्जा किया हुआ है, कश्मीर एक आजाद देश था।
माली के इस बयान के बाद कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर कड़े विरोध का सामना करना पड़ा और सफाई भी देनी पड़ी। इसके बाद माली ने अपने फेसबुक पेज के कवर पर इंदिरा गांधी का विवादित कार्टून लगा दिया, जिसमें वे बंदूक लिए खड़ी हैं और बंदूक की नाल पर खोपड़ी टंगी है और इंदिरा गांधी के पीछे खोपड़ियों का ढेर लगा है। बुधवार को माली ने अपनी नई पोस्ट में कैप्टन और उनके समर्थकों को अली बाबा और चालीस चोर की संज्ञा दी थी।