मेरा ड्रीम रोल फिल्म अग्निपथ में अमिताभ बच्चन द्वारा निभाया गया विजय दीनानाथ चौहान जैसा है। इस फिल्म में अमिताभ ने जिस तरह दमदार किरदार निभाया है, उसी तरह मैं भी पंजाबी फिल्मों में अभिनय करना चाहता हूं। यह कहना है पंजाबी फिल्म एक्टर नवराज हंस का।
नवराज हंस अपनी फिल्म पंजाबियां दा किंग का फर्स्ट लुक और थिएट्रिकल ट्रेलर की लांचिंग पर सेक्टर-9 स्थित मियामी क्लब में पहुंचे थे। यह फिल्म दशमेष फिल्म्स के बैनर तले बनी है।
लांच के मौके पर यहां नवराज हंस, कीया खन्ना के साथ जरनैल सिंह, भानू श्री मेहरा, शिवेंद्र माहल, हॉबी धालीवाल, भोट्टू शाह, बन्नी एंड सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
नवराज हंस ने कहा कि इस फिल्म में उनकी भूमिका एक गैंगस्टर की है। यह अन्य फिल्मों से अलग एक एक्शन पैक्ड ड्रामा है।
फिल्म को शूट करने के दौरान उन्हें कई शानदार अनुभव मिले। यह फिल्म बॉलीवुड स्टाइल में बनाई गई है, जिसमें एक्शन सीन बेहतरीन देखने को मिलेंगे।
नवराज हंस ने कहा कि उन्हें फिल्म का संगीत तैयार करने में काफी मदद मिली है। इस फिल्म का ट्रेलर भी यहां जारी किया गया।
कीया खन्ना बोली, बेहतरीन है पंजाबी इंडस्ट्री
मुंबई की रहने वाली कीया खन्ना ने कहा कि उन्हें थिएटर से लगाव है। यह लगाव ही उन्हें फिल्म की ओर खींच लाया।
कीया ने कहा कि उन्हें पंजाबी आती है और मुंबई में एक नाटक के मंचन के दौरान किसी ने उन्हें पंजाबी डायलॉग बोलते सुना और फिल्म में सीन करने के लिए कहा।
उनकी पहली फिल्म मैरिज द गैरिज थी और यह दूसरी फिल्म है। इस फिल्म में उनकी भूमिका सबसे अहम है। वाकई पंजाबी इंडस्ट्री बेहतरीन है।