श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शुक्रवार को चंडीगढ़ के सभी गुरुद्वारों में संगत का सैलाब उमड़ पड़ा। अपने परिवार के साथ लोग गुरुद्वारा में माथा टेकने पहुंचे और सेवा कर लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। कीर्तन सुनकर संगत निहाल हो गई। सुबह से ही संगत गुरुद्वारों में पहुंचना शुरू हो गई थी। गुरुद्वारों की प्रबंधक कमेटियां पूरी तरह से तैनात रही। वहीं मोहाली में भी गुरु पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिबान में संगत माथा टेकने पहुंची।
चंडीगढ़ समूह गुरुद्वारा प्रबंधक संगठन के महासचिव रघबीर सिंह रामपुर ने बताया कि लाखों लोगों ने गुरुद्वारों में माथा टेका और गुरु का अटूट लंगर ग्रहण किया। गुरुद्वारा सिंह सभा सेक्टर-7 के प्रधान रछपाल सिंह ने बताया कि रागी जत्थे कीर्तन कर संगत को निहाल कर रहे हैं। गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर का इंतजाम किया है। सेक्टर-38 बी के गुरुद्वारा साहिब के प्रधान तारा सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा सहिब में कीर्तन का आयोजन हुआ। इस मौके पर गुरु का अटूट लंगर चला।
सेक्टर-19 के गुरुद्वारा साहिब के प्रधान गुरबख्श सिंह ने बताया कि रागी जत्थों ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। सेक्टर 34 के गुरुद्वारा साहिब के प्रधान साधु सिंह और महासचिव तेतवंत सिंह ने बताया कि 50 हजार से भी अधिक लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई।
सेक्टर- 8, 11, 30, 20, 29, 21, 15, 19, 47, 44, 46, 22, 23, 37, रामदरबार, हल्लोमाजरा, दड़वा, बहलाना, रायपुरखुर्द, रायपुरकलां, मक्खन माजरा, पलसौरा, मलोया, खुडडाअलीशेर, लहौरा, जस्सू सारंगपुर, धनास सहित अन्य भागों में स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर रागी जत्थे ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर का आयोजन हो
रहा है। सिख समुदाय के परिवारों ने अपने घरों को आकर्षक रोशनी से सजा लिया है।