चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पहुंचे अर्शदीप सिंह।
- फोटो : एएनआई
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज व टी-20 में वर्ल्ड कप 2024 के स्टार फरफॉर्मर रहे अर्शदीप सिंह वीरवार को मोहाली के घड़ूआं स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) पहुंचे। जहां उनका बैंड-बाजा और देशभक्ति के गीतों के साथ भव्य स्वागत हुआ। अर्शदीप सिंह सीयू के छात्र रहे हैं। वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह पहला मौका था कि वह सीयू पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ उनके पिता दर्शन सिंह और माता बलजीत कौर भी साथ थी।
अर्शदीप को एक लग्जरी ओपन कार में यूनिवर्सिटी कैंपस में लाया गया। फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए थे। हालांकि अर्शदीप के सीयू पहुंचते ही वहां लोगों की खासी भीड़ इकट्ठा हो गई। उनके चाहने वाले अर्शदीप से मिलने के लिए बेताब दिखे।
यूनिवर्सिटी की तरफ से अर्शदीप के स्वागत के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी गई थी। पूरे यूनिवर्सिटी कैंपस में अर्शदीप के बड़े बड़े होर्डिंग्स लगाए गए थे। उन होर्डिंग्स में वेलकम बैक चैंपियन लिखा गया था। वहीं एक गाड़ी अर्शदीप के पोस्टरों से सजी हुई गाड़ी साथ साथ चल रही थी।
बता दें कि अर्शदीप के माता-पिता भारतीय टीम के वर्ल्ड कप के सभी मैचों को देखने के लिए विदेश में ही थे। फाइनल जीतने के बाद पूरे परिवार ने बेटे के साथ विजेता ट्रॉफी के साथ मैदान पर तस्वीरें भी खिंचवाई थी। इसके बाद विजेता भारतीय टीम के साथ मां और पिता भी एक विशेष विमान पर यूएसए से भारत लौटे थे। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर उनके साथ मुलाकात कर फोटो भी खिंचवाई थी। इसके बाद वह मोहाली स्थित अपने घर लौटे थे। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर अर्शदीप सिंह का लोगों ने भव्य स्वागत किया था।
धारदार गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को किया धराशायी, 17 विकेट झटके
अर्शदीप सिंह टी-20 वर्ल्ड कप में लहराती गेंदों से विपक्षी टीमों के खिलाड़ियों पर कहर बरपाते हुए भारत को वर्ल्ड कप दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 17 विकेट चटकाए। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के साथ 2 विकेट, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 विकेट, बांग्लादेश के खिलाफ 2 विकेट, अफगानिस्तान के खिलाफ 3 विकेट, अमेरिका के खिलाफ 4 विकेट, आयलैंड के खिलाफ 2 और पाकिस्तान के खिलाफ 1 विकेट चटकाया।