मोहाली के चप्पड़चिड़ी में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया बाबा बंदा सिंह बहादुर की शहादत को समर्पित फतेह बुर्ज कई दिनों से शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है। वहीं, फतेह बुर्ज में लगने वाली लिफ्टों का काम भी अधर में लटक गया है। इस कारण सैलानी फतेह बुर्ज के ऊपर तक नहीं जा पा रहे हैं। हालांकि काफी संख्या में रोजाना सैलानी फतेह बुर्ज देखने के लिए पहुंच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, चप्पड़चिड़ी स्थित फतेह बुर्ज को रोशन करने वाली लाइटों में कई दिनों से खराब हैं। इस कारण शाम होते ही फतेह बुर्ज अंधेरे में डूब जाता है। हालांकि, यह मामला गमाडा के अधिकारियों तक पहुंच गया है, लेकिन छुट्टियां होने के कारण लाइटों को ठीक नहीं किया जा सका। हालांकि, फतेह बुर्ज को रोशन करने के लिए गमाडा की ओर से आकर्षक लेजर लाइट लगाई गईं हैं। जिससे फतेह बुर्ज शाम को खूबसूरत रंगों में नजर आता है।
जापान से आई लिफ्ट दरवाजे पड़ गए छोटे
फतेह बुर्ज के अंदर जाने के लिए लिफ्ट लगाई जानी है। गमाडा ने जापान से एक नामी कंपनी से लिफ्ट मंगवा ली है। सूत्रों से पता चला है कि लिफ्ट लगाने के लिए जो दरवाजे छोड़े गए हैं उसका आकार छोटा है। जबकि लिफ्टों का आकार बड़ा है। ऐसे में अगर दरवाजों का साइज बड़ा कर लिफ्टें लगाई जाएं और बुर्ज को नुकसान भी न हो। इस संबंध में टेक्निकल माहिरों से राय मांगी गई है। सूत्रों के मुताबिक माहिरों की रिपोर्ट आने के बाद से ही लिफ्ट का काम आगे बढ़ पाएगा।