उन्होंने कहा कि राजभवन में बैठकर वह पंजाब का भला नहीं कर सकते। पंजाब की बेहतरी के लिए इसे जानना अति आवश्यक है। अपने एक साल के कार्यकाल में उन्होंने 23 जिलों का दौरा किया है, जिसमें सामने आया कि पंजाब के छह सीमावर्ती जिले हैं जो इस समय बेहद संवेदनशील हैं। इन जिलों को लेकर वह बीएसएफ और डीजीपी से लगातार संपर्क में रहते हैं। राज्यपाल ने कहा कि अवैध खनन बड़ी समस्या है। अवैध खनन से पुल टूट रहे हैं, सेना के बंकर खतरे में हैं। अवैध खनन को लेकर सेना चिंता में है। सरपंच अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाएं।
मेरे कार्यकाल में चार डीजीपी बदले: राज्यपाल
राज्यपाल ने कहा कि पंजाब में एक साल के दौरान चार डीजीपी बदल गए। हर बार नए डीजीपी से तालमेल करना पड़ता है। जब तक किसी डीजीपी को काम की समझ आती है उसे बदल दिया जाता है। ऐसे में सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी खत्म करना मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि गौरव यादव को अब 2-3 साल तक डीजीपी रहना चाहिए ताकि वह अपराध पर अपना शिकंजा कस सकें। इसके लिए मुख्यमंत्री से भी बात की जाएगी।
सीमा को सुरक्षित करने में सरपंचों का अहम रोल
राज्यपाल ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के सरपंचों का सीमा को सुरक्षित करने में अहम रोल हो सकता है। सरपंच गांव के हर अच्छे-बुरे व्यक्ति की पहचान रखता है। ऐसे में अगर कुछ संदिग्ध लगे तो पुलिस और बीएसएफ से बात करें। उन्होंने कहा कि हर सीमावर्ती गांव में ग्राम सुरक्षा समिति का गठन किया जाए, जिसमें 11 प्रमुख लोगों को शामिल किया जाए। इस समिति को कुछ भी गड़बड़ लगे तो कार्रवाई के लिए पुलिस या बीएसएफ को बताया जाए। सरपंच सतर्क रहें तभी पंजाब के छह सीमावर्ती जिलों में नशे और हथियारों की तस्करी को रोका जा सकता है।