दुबई व स्थानीय नंबर से आ रहीं रंगदारी कॉल्स
विधायकों को रंगदारी देने की धमकी दुबई व स्थानीय नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर दी जा रही हैं। गुरुग्राम के सोहना से भाजपा विधायक संजय सिंह, सढौरा से कांग्रेस विधायक रेणु बाला को बीते 25 जून और सोनीपत से विधायक सुरेंद्र पंवार को तीन दिन पहले धमकी भरी कॉल आई है। सफीदों से कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली से शुक्रवार को व्हाट्सएप कॉल व मैसेज भेजकर रंगदारी मांगी गई। उनसे गोल्डी बराड़ के नाम पर पांच लाख रुपये मांगे गए। विधायक को कॉल करने वालों ने खुद को बराड़ का गुर्गा बताया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिन नंबर से व्हॉटसएप कॉल आई हैं, वे पाकिस्तान या दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से संचालित हो रहे हैं। सोहना के विधायक से पांच लाख रुपये मांगने वाले ने खुद को कुख्यात अपराधी नीरज बवाना बताया था। रेणु बाला को फोन करने वाले ने कहा था कि उन्हें मारने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी गई है। सुरेंद्र पंवार से पांच करोड़ रुपये मांगने वाले ने किसी गैंग का नाम नहीं बताया।
जल्दी कॉल करने वालों की पहचान का दावा
पुलिस विभाग के एक उच्च अधिकारी ने कहा कि चारों विधायकों को धमकी भरी कॉल करने वालों की जल्द पहचान कर ली जाएगी। कई बार देश में रहकर कॉल करने पर भी विदेश का नंबर आता है। गैंगस्टर और अन्य अपराधियों ने अपने काम करने का तरीका बदला है। तकनीक का इस्तेमाल कर वे ऐसा करते हैं। एसटीएफ, पुलिस व खुफिया एजेंसियां मामला जल्द सुलझा लेंगी। अन्य विधायकों की सुरक्षा बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।
इन कांग्रेस विधायकों को भी मिल चुकी धमकियां
फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान को भी स्थानीय स्तर पर धमकियां मिली हैं। आदमपुर से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई को बीते दिनों धमकी मिली थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने फोन करने वाले को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया था।