डीजीपी के प्रस्ताव पर गृह सचिव ने दी मंजूरी
पहली अगस्त से लेकर 30 अक्तूबर तक सभी जिलों में होगी तैनाती
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्वक और कड़ी सुरक्षा के बीच कराने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार ने फैसला लिया कि चुनावों के दौरान तीन माह तक पांच हजार होम गार्ड की भर्ती की जाएगी। पहली अगस्त से इनकी ज्वाइनिंग होगी और 30 अक्तूबर तक यह जवान कार्यरत रहेंगे। इसके लिए डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने छह हजार होमगार्ड जवानों की नियुक्ति की मांग भेजी थी। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने छह हजार की जगह पांच हजार जवानों की भर्ती को हरी झंडी दे दी है।
मंजूरी के बाद डीजीपी ने सभी रेंज के एडीजीपी, आईजी, पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और सभी डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट (होमगार्ड) को पत्र जारी करके इसकी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आगामी कुछ दिनों में भर्ती को लेकर मापदंडों की घोषणा की जाएगी। विधानसभा चुनावों में सुरक्षा के मुद्दे को लेकर पहले ही पुलिस मुख्यालय हरियाणा सरकार को अवगत करा चुका है उनके पास जवानों की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए ही होम गार्ड भर्ती कराने का फैसला लिया है। इस संदर्भ में डीजीपी ने होमगार्ड के कमांडेंट जनरल और सिविल डिफेंस के निदेशक को भी पत्र लिखा है। इसके अलावा, हरियाणा पुलिस चुनावों के लिए केंद्र से भी 225 अर्धसैनिक बलों की कंपनियों की मांग कर चुका है। गौरतलब है कि हरियाणा में अक्तूबर माह में विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं।
14025 स्वीकृत पद, कार्यरत 11,800
वर्तमान में राज्य में होमगार्ड के 14,025 स्वीकृत पद हैं और वर्तमान में 11,800 कार्यरत हैं। इनमें से 9050 पुलिस के पास हैं, जबकि 1500 विभागों के पास तैनात हैं। 1250 ऐसे होम गार्ड हैं, जो घर पर बैठे हैं। होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य प्रधान संदीप वत्स ने कहा कि हमारी मांग है कि सबसे पहले घर बैठे 1250 गार्ड की तैनाती की जाएगी और इसके बाद शेष पदों को भरा जाए। उनका संगठन लंबे समय से यह मांग उठाता रहा है।
कहां, कितने होंगे नियुक्त
जिला
संख्या
सोनीपत
300
गुरुग्राम
300
फरीदाबाद
300
पंचकूला
200
जींद
200
डबवाली
200
रेवाड़ी
200
महेंद्रगढ़
300
पलवल
300
नूंह
200
रोहतक
300
झज्जर
300
दादरी
100
भिवानी
200
हिसार
200
हांसी
100
सिरसा
200
अंबाला
100
कुरुक्षेत्र
100
यमुनानगर
200
करनाल
200
कैथल
200
पानीपत
200
फतेहाबाद
100
कुल
5000