समाज कल्याण विभाग ने 70 फीसदी से अधिक विकलांगता वाले दिव्यांगों की पेंशन राशि एक हजार रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये कर दी है। शहर में रहने वाले 380 दिव्यांगों को इसका लाभ मिलेगा। जानकारी के अनुसार सेंटर फॉर ह्यूमन राइट इनिशिएटिव और ट्रेनिंग एंड रिसर्च एसोसिएशन (चित्रा) पिछले दो सालों से समाज कल्याण विभाग से 70 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाने की मांग कर रही थी।
मांग पर अमल करते हुए विभाग ने 70 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले दिव्यांगों की पहचान की है। शहर में 2400 से अधिक दिव्यांगों में से 380 ऐसे दिव्यांग मिले हैं, जिनकी विकलांगता 70 प्रतिशत से अधिक है। विभाग ने इस संबंधी नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। चित्रा के क्षेत्रीय संयोजक एसके नायर और चंडीगढ़ प्रधान टीसी गुप्ता ने विभाग के इस फैसले का स्वागत किया है। जानकारी के अनुसार अब विभाग ऐसे और लाभार्थियों को चिन्हित करने जा रहा है। ऐसा होने से करीब 100 और लोगों को इसका फायदा होगा।
विभाग ने इस फैसले को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह फैसला 2016 से लागू किया जाएगा। बकाया पेंशन की राशि का भुगतान जल्द ही कर दिया जाएगा।
-यशपाल गर्ग, सचिव, समाज कल्याण विभाग, यूटी