जुलाई महीने से हैली टैक्सी की उड़ान हफ्ते में तीन दिन होगी। सरकार ने सोमवार और शुक्रवार के अलावा बुधवार को भी हवाई सेवा देने का फैसला लिया है। चंडीगढ़ से जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे तक हैली टैक्सी में 20 मिनट में सफर तय होता है। इसके लिए 2999 रुपये की टिकट रखी गई है। जुब्बड़हट्टी से सुबह आठ बजे हैली टैक्सी उड़ान भरेगी। आठ बजकर बीस मिनट पर हेलीकाप्टर चंडीगढ़ पहुंचेगा। सुबह नौ बजे चंडीगढ़ से हेलीकाप्टर उड़कर नौ बजकर बीस मिनट पर जुब्बड़हट्टी पहुंचेगा।
प्रदेश में चार जून से शुरू हुई हैली टैक्सी सेवा को मिले अच्छे रिस्पांस के बाद प्रदेश सरकार ने हफ्ते में दो दिन की जगह तीन दिन उड़ान का फैसला लिया गया है। हैली टैक्सी के लिए प्रदेश सरकार का पवन हंस कंपनी से करार हुआ है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयोग किए जाने वाले हेलीकाप्टर को सरकार ने हैली टैक्सी सेवा के लिए दिया है। उधर, अनाडेल में हेलीकाप्टर की लैंडिंग शुरू करने पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।
नागरिक उड्डयन के महानिदेशक की मंजूरी के बाद इस बाबत अंतिम फैसला होगा। डीजीसीए की टीम ने मौके का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया है। उधर, अनाडेल मैदान का प्रयोग करने के लिए सेना ने सरकार सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। सेना ने सिर्फ हेलीकाप्टर की लैंडिंग पर सहमति जताई है। चंडीगढ़ हवाई अड्डे में यात्रियों की पूरी जांच पड़ताल होने के चलते सेना ने मैदान में हेलीकाप्टर उतारने की मंजूरी दी है। अनाडेल से हेलीकाप्टर के टेक ऑफ के लिए सेना तैयार नहीं है।