टूर्नामेंट के दौरान शॉट लगाते अक्षय शर्मा।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। जीव मिल्खा सिंह इनविटेशनल गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे दिन शनिवार को भी शहर के गोल्फर अक्षय शर्मा का गोल्फ कोर्स पर जलवा कायम रहा। अक्षय शर्मा ने 1 अंडर 71 का कार्ड खेलते हुए टॉप पोजीशन पर दबादबा बनाए रखा। नोएडा के अमरदीप मलिक दूसरे और पुणे के रहने वाले अर्निब लाहड़ी, पटना के अमनराज और गुरूग्राम के वीर अलहावत संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। चंडीगढ़ के करणदीप कोचर 6वें स्थान पर हैं। यह टूर्नामेंट चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में खेला जा रहा है। इसमें देश और विदेश से 120 टॉप गोल्फर्स शिरकत कर रहे हैं। टूर्नामेंट में विजेताओं के बीच 1.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि बांटी जाएगी। टूर्नामेंट का आखिरी राउंड रविवार को खेला जाएगा।
सुबह के समय मौसम चैलेंज से भरा रहा
मैच के बाद टॉप पोजीशन पर रहे अक्षय शर्मा ने बताया कि जब सुबह स्टार्ट लिया तो मौसम काफी चुनौतीपूर्ण रहा। तेज हवाएं चल रही थीं। मौसम के मुताबिक अपने गोल्फ स्टिक का चुनाव कठिन लगा। होल नंबर- 10 तक मेरे ऊपर प्रेशर था, लेकिन इसके बाद राह आसान होती गई।
फाइनल राउंड में रिदम बनाई रखनी होगी
गोल्फर अक्षय शर्मा ने कहा कि टूर्नामेंट का रविवार को आखिरी राउंड खेला जाना है। यह राउंड काफी चुनौतीपूर्ण रहेगा, लेकिन अपने गेम पर फोकस करना है और आखिरी तक रिदम बनाई रखनी होगी।