चंडीगढ़। चंडीगढ़ को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट ग्रुप के दूसरे मैच में गोवा ने 52 रनों से हराया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
गोवा की टीम ने 20 ओवर में 173/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। गोवा की ओर से ललित यादव ने 49 गेंदों पर 82 रनों की तेज पारी खेली जबकि दीपराज गांवकर ने 28 रनों का अहम योगदान दिया। गेंदबाजी में चंडीगढ़ से संदीप शर्मा और जगजीत सिंह संधू ने दो-दो विकेट चटकाए।
मैच में 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चंडीगढ़ की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम शुरुआती चार ओवर में ही 10/4 पर सिमट गई। हालांकि राज अंगद बावा (29) और जगजीत सिंह संधू (20) ने कुछ देर टिककर मुकाबले को संभालने की कोशिश की, लेकिन लगातार गिरते विकेट टीम के लिए मुश्किल बन गए। चंडीगढ़ की टीम 19 ओवर में 120 रन ही बना पाई। गेंदबाजी में गोवा की ओर से अर्जुन तेंदुलकर (3/17) और दर्शन मिसल (3/23) ने शानदार प्रदर्शन किया।