चंडीगढ़। लाल बत्ती लगाकर साइकिल ट्रैक पर सरकारी इनोवा कार दौड़ाने के मामले में पुलिस जल्द चालक को तलब कर सकती है। पुलिस के अनुसार इनोवा कार पर अवैध तरीके से बत्ती लगाई गई थी। अब पुलिस जांच कर रही है कि बत्ती क्यों और किस मकसद से लगाई गई थी। उस समय कार में अगर कोई अधिकारी थे तो कौन थे। अगर अधिकारी नहीं थे तो बत्ती लगाने का मकसद क्या था।
चंडीगढ़ में पंजाब नंबर की एक सरकारी इनोवा कार साइकिल ट्रैक पर दौड़ती दिखी थी, जिसपर बत्ती लगी हुई थी। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने साइकिल ट्रैक पर वाहन चलाने को लेकर डेंजर ड्राइविंग और अवैध रूप से बत्ती लगाने का चालान किया। पुलिस के अनुसार यह वीडियो 25 नवंबर की है। सेक्टर 20/21 की डिवाइडिंग रोड के साथ लगते साइकिल ट्रैक पर चालक ने इनोवा दौड़ाई थी। लुधियाना नंबर की गाड़ी पर पंजाब सरकार लिखा और वीआईपी लाइट लगी हुई थी।