पंचकूला। नगर निगम की सोमवार को हुई आम बैठक में शहर से उठने वाले कचरा को लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने महापौर कुलभूषण गोयल को घेर लिया। जैसे ही महापौर ने कहा- ‘पौने पांच साल के कार्यकाल में शहर के अंदर एक किलो भी डंप कचरा नहीं बचा।’ इतना सुनने ही कांग्रेसी पार्षद आग बबूला हो गए। उन्होंने कहा-‘मेयर साहब अपने कार्यालय से बाहर निकलकर देखिए शहर में हर तरफ कचरा-ही-कचरा है।’ इसके बाद भाजपा पार्षदों ने मेयर के समर्थन में कहा, ‘यह कचरा कांग्रेस के कार्यकाल का है।’ काफी देर तक सदन में हंगामा चलता रहा।
सदन में लहराया अमर उजाला अखबार
वार्ड नंबर-7 की पार्षद उषा रानी ने नगर निगम की बैठक में बुढ़नपुर में एक दिन में दस लोगों को कुत्ते के काटने का मामला उठाया। पार्षद ने कहा कि शहर में कुत्ते लोगों को काट रहे हैं लेकिन किसी को मुआवजा नहीं मिल रहा है। इस पर सदन में बैठे नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि पंचकूला उपायुक्त फाइनल करते हैं जिसका मुआवजा नगर निगम की ओर से दिया जाता है। लेकिन नगर निगम ने डाटा प्रस्तुत नहीं किया कि अब तक कितने लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है। वहीं, वार्ड की रोड गलियों और सामुदायिक केंद्र का भी मुद्दा सदन में पार्षद ने उठाया। जिसे लेकर पार्षद को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
नगर निगम की जमीन को खोखला कर रहा माइनिंग माफिया, तीन दिन का नोटिस जारी
विधायक चंद्रमोहन और वार्ड नंबर-20 के पार्षद सलीम दबकोरी और पार्षद संदीप सोही ने कहा कि अलीपुर, नग्गल, जलौली कोट, दबकोरी में 3 मीटर करीब 10 फीट खुदाई की अनुमति है लेकिन माइनिंग माफिया निगम की 400 एकड़ जगह पर 150 फीट खुदाई कर रहा है। माइनिंग माफिया नगर निगम की जमीन को खोखला कर रहे हैं जिसके चलते हाल ही में खटौली में एक पुल और हाईटेंशन टावर गिर गया था। आज तक नगर निगम को एक रुपये कंपर्शेसन नहीं मिला। करीब सवा करोड़ रुपये बकाया है। वहीं, पार्षद ने कहा कि इसे लेकर कमेटी भी बनी थी लेकिन जॉइंट कमिश्नर ने फाइल आगे नहीं बढ़ाई। इस पर महापौर कुलभूषण गोयल ने बताया कि एजेंसी को करीब चार से पांच बार नोटिस जारी किया जा चुका है। पार्षद ने कहा वह नगर निगम की जमीन को खोखला कर रहा है। उसके खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए। इस पर हाउस में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शुक्रवार को पूरा हाउस माइनिंग स्थल का दौरा करेगी। माइनिंग कंपनी को तीन दिन का नोटिस जारी किया गया। अगर इस बीच पैसा नहीं जमा करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई होगी।
अपनी बिल्डिंग नहीं बनवा पाया नगर निगम
पार्षद अक्षय दीप चौधरी ने कहा कि आज तक नगर निगम अपनी बिल्डिंग नहीं बनवा पाया। इस पर नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि एक दो दिन के भीतर एक हाई लेवल बैठक होनी है जिसमें नगर निगम कार्यालय की बिल्डिंग, ओल्ड एज होम, महिला हॉस्टल पर निर्णय लिया जाएगा।