दुनिया में अपनी धमक बना चुकी 60000 करोड़ की पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री पर अब गैंगस्टरों की नजर है। इस इंडस्ट्री के जरिये गैंगस्टर अपने काले धन को सफेद करना चाहते हैं। इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) पंजाब को भी इसका इनपुट मिला है। इस तथ्य की जांच में आईबी को कनाडा में बैठे पंजाब से संबंध रखने वाले कुछ पंजाबी सिंगरों का कनेक्शन मिला है, जिसके बाद वह आईबी के रडार पर आ गए हैं।
बंबिहा ग्रुप की तरह लॉरेंस बिश्नोई गैंग भी पंजाब में म्यूजिक कंपनी खोलना चाहता था। बीते कुछ वर्षों में पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री में दविंदर बंबीहा गैंग का वर्चस्व बढ़ता जा रहा था। यही बात लॉरेंस बिश्नोई खेमे को गवारा नहीं थी। पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री में दखल के लिए लॉरेंस ने अपने कालेज के दोस्त विक्की मिड्डूखेड़ा का इस्तेमाल किया और सिद्धू मूसेवाला पर दबाब बनाने की लगातार कोशिश की, लेकिन सिद्धू ने काम करने से इनकार कर दिया था।
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में गैंगस्टर यहां तक हावी है कि सिंगर का गाना भी वही तय करते हैं। साथ ही विदेशों में उनके शो कहां होंगे, कैसे मुनाफा बंटेगा। इतना ही नहीं कौन सी कंपनी उनकी एलबम को रिलीज करेगी, इसके राइट्स किसके पास होंगे, इनका फैसला भी गैंगस्टर ही करते हैं।
हिंसा और धमकियां मुख्य रूप से कलाकारों और गैंगस्टरों के बीच निकटता के कारण हैं। वहीं कलाकारों के लिए जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी से बचने का यह सबसे अच्छा तरीका है। गैंगस्टर अक्सर प्रत्येक पंजाबी लोक कलाकार से एक या दो गानों का कॉपीराइट मांगते हैं और वे बदले में उनकी सुरक्षा की गारंटी देते हैं।
कई संगीत कंपनियां, जैसे ठग्स लाइफ और गोल्ड मीडिया को सीधे तौर पर बंबीहा गैंग संचालित कर रहा है। 2021 में मोहाली पुलिस इसका खुलासा कर चुकी है। गैंगस्टर इन संगीत कंपनियों में जबरन वसूली का पैसा लगा रहे हैं, और काले धन को सफेद कर रहे हैं। सिद्धू मूसेवाला ने भी इन कंपनियों में कई गाने गए हैं, जो काफी हिट हुए थे।
अभिनेता और गायक गिप्पी ग्रेवाल और जालंधर के पंजाबी गायक राय जुझार को वीडियो कॉल के माध्यम से जबरन वसूली की धमकी मिली है। गायक-राजनेता बलकार सिद्धू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्हें रंगदारी के कॉल आए। गायक करण औजला को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली और कनाडा के सरी में उनके दोस्त के घर पर गोलियां चलाई गईं।
मूसेवाला की हत्या के बाद एहतियात के तौर पर हाल ही में गायकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पंजाब पुलिस ने गायक मनकीरत औलख की भी सुरक्षा बढ़ाई है। उन्होंने दविंदर बंबीहा गिरोह से कथित तौर पर धमकी मिलने के बाद पुलिस से सुरक्षा उपाय करने का अनुरोध किया था।