चंडीगढ़। गैलेंट क्रिकेट अकादमी पंचकूला ने वाईजेआर क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ को रोमाचंक और करीबी मुकाबले में 1 विकेट से शिकस्त देकर अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट जीत लिया। शुक्रवार को हुए फाइनल मुकाबले में आईवीसीए क्रिकेट अकादमी डेराबस्सी के क्रिकेट मैदान पर मैच खेला गया।
मैच में वाईजेआर क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट पर 154 रन बनाए। युवराज रॉय ने 33, निखिल शर्मा ने 30, वरुण ने 23 और अमन ने 21 रन बनाए। गेंदबाजी में गैलेंट क्रिकेट अकादमी पंचकूला से अनुज और मनदीप ने दो-दो, रोहित और मिंलद ने एक-एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गैलेंट क्रिकेट अकादमी पंचकूला की टीम ने मात्र एक विकेट रहते 33.3 ओवर में 9 विकेट पर 158 रन बनाकर मैच जीत लिया। अनमोल कौशिक ने बेहतरीन 43 रन की पारी खेली। अरुण ने 23 और नेहल ने 18 रन बनाए। गेंदबाजी में वाईजेआर क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ से शुभम ने चार, पारस ने दो, मोंटी और अंश ने एक-एक विकेट चटकाया।
टूर्नामेंट में इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड
नेहल को बेस्ट बल्लेबाज ऑफ द टूर्नामेंट, शुभम को बेस्ट गेंदबाज ऑफ टूर्नामेंट, पारस को सबसे युवा उभरता हुआ सितारा के साथ बेस्ट फिल्डर ऑफ द टूर्नामेंट, निखिल शर्मा को बेस्ट ऑलराउंडर और बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया।
8वीं में पढ़ता है सबसे युवा उभरता सितारा
टूर्नामेंट में उभरते सितारे का खिताब जीतने वाला पारस (16) डीएवी स्कूल सेक्टर-8 में दसवीं का छात्र है। पिछले साल बीसीसीआई से मान्यता मिलने के बाद यूटीसीए अंडर-14 क्रिकेट टीम का उप-कप्तान रहा। इस टीम ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी में हिस्सा लिया। पारस ने गेंदबाजी में सबसे अधिक 22 विकेट चटकाए हैं। वहीं बल्लेबाजी में 221 रन बनाए। 2020 में स्कूल नेशनल गेम्स में चंडीगढ़ की ओर से खेलते हुए बेस्ट गेंदबाज का अवार्ड जीता। 2019 में पंजाब अंडर-14 टीम की कप्तानी करते हुए अपनी टीम के लिए सीजन में 30 विकेट चटकाए।