फरीदकोट के कोटकपूरा में डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह कटारिया की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार को तीन शूटरों को पटियाला के थाना बख्शीवाला इलाके से गिरफ्तार किया है। इनमें से दो नाबालिग हैं, जो रोहतक व भिवानी के रहने वाले हैं। इनकी उम्र करीब 14-15 साल है। तीसरे शूटर की पहचान रोहतक के कलानौर निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू (26) के तौर पर हुई है। तीन शूटर अभी फरार हैं। इनकी भी पहचान हो चुकी है। इनमें दो पंजाब के हैं और एक हरियाणा का।
पकड़े गए शूटरों के कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और पाकिस्तान के खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा से कनेक्शन सामने आया था। दिल्ली पुलिस अधिकारियों की मानें तो गोल्डी बराड़ के आदेश पर डेरा प्रेमी की हत्या की गई थी। हत्या के बाद गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके लिए उसने छह शूटर भेजे थे।
डेरा प्रेमी प्रदीप साल 2015 में हुए बरगाड़ी बेअदबी कांड के दो केसों में नामजद था। उसे पंजाब पुलिस की ओर से सुरक्षा भी मिली हुई थी। प्रदीप की गुरुवार को उस समय गोलियां मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपनी दुकान खोल रहे थे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक शूटरों ने प्रदीप पर 55 गोलियां बरसाई थीं। शूटरों के चार ग्रुप ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है।
स्पेशल सेल के डीसीपी मनीषी चंद्रा व प्रमोद कुशवाह ने बताया कि एसीपी राहुल विक्रम की देखरेख में इंस्पेक्टर विक्रम दहिया, इंस्पेक्टर निशांत व दलीप की टीम इस मामले की जांच में जुटी थी। शूटरों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने इनमें से एक शूटर जितेंद्र उर्फ जीतू की पहचान की थी।
अंबाला में 20 जनवरी, 22 को हुए दोहरे हत्याकांड में रोहतक निवासी जितेंद्र का नाम सामने आया था। दोहरे हत्याकांड से ठीक एक सप्ताह पहले अलीपुर, दिल्ली में प्रमोद बजद की हत्या की गई थी। इसमें अंबाला दोहरे हत्याकांड के आरोपियों अमित बधवार उर्फ मिट्टा व आकाश भालंभिया उर्फ गिट्टी का नाम सामने आया था। इंस्पेक्टर विक्रम दहिया की टीम तभी से जितेंद्र की तलाश कर रही थी। दिल्ली पुलिस को गुरुवार रात को सूचना मिली थी कि अनुयायी के हत्या आरोपी बख्शीवाला, पटियाला में छिपे हैं।
गोल्डी का सहयोगी है जितेंद्र
जितेंद्र जीतू गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और काला जठेड़ी गठजोड़ का सहयोगी है। वहीं दोनों नाबालिग सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी अंकिता सिरसा के जरिए गोल्डी से जुड़े हैं। पुलिस इनके पुराने रिकॉर्ड को खंगाल रही है। इनके कब्जे से तीन अत्याधुनिक पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए हैं। इन सभी को गोल्डी बराड़ ने एकत्रित किया था।