चंडीगढ़। कोरोना की तीसरी लहर के कम होने के साथ ही गैर कोविड मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। इसी कड़ी में पीजीआई प्रशासन ने सोमवार से नेहरू एक्सटेंशन में बनाए गए कोविड डेडिकेटेड अस्पताल में गैर कोविड मरीजों का इलाज सामान्य रूप से शुरू करने का निर्देश दिया है। वहीं, सेक्टर-48 के कोविड डेडिकेटेड अस्पताल में भी सोमवार से ही गैर कोविड मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया जाएगा। दोनों ही कोविड डेडिकेटेड अस्पतालों में गैर कोविड मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू करने की तैयारी कर ली गई है।
पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन में हेपेटोलॉजी, रेडियोथैरेपी और इंडोक्राइनोलॉजी के मरीजों को कोविड की तीसरी लहर के दौरान वहां से हटाकर अन्य विभागों में शिफ्ट किया गया था। अब उन तीनों विभागों के मरीजों को पुन: उनके वार्ड में इलाज मिलना शुरू होगा। ठीक ऐसे ही जीएमसीएच-32 से सेक्टर 48 में शिफ्ट किए गए त्वचा, आेंकोलॉजी और मनोचिकित्सा विभाग के मरीजों को भी उनके लिए बनाए गए अस्पताल में इलाज मिलना शुरू होगा। इन विभागों के मरीजों को भी कोरोना के कारण यहां से वहां चक्कर लगाना पड़ा है।
ओपीडी में भी कम होगी धक्का-मुक्की
उधर, ओपीडी के मरीजों की सहूलियत के लिए पीजीआई प्रशासन ने पंजीकरण की समय सीमा बढ़ा दी है। नई व्यवस्था भी सोमवार से ही लागू होगी। इसमें न्यू ओपीडी में सुबह आठ से 10 बजे तक पंजीकरण होगा, जबकि ईएनटी और लंग कैंसर क्लिनिक के मरीजों के लिए सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक टेली कंसल्टेशन सेवा संचालित की जाएगी। एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में ओपीडी पंजीकरण का समय अब सुबह 8 से 11 बजे तक कर दिया गया है। इन विभागों की टेलीमेडिसिन और टेलीकंसल्टेशन सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। एडवांस कार्डियक सेंटर में ओपीडी पंजीकरण का समय सुबह 8 से 10 बजे तक है, जबकि टेलीमेडिसिन के जरिए सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक सीमित संख्या में मरीजों को परामर्श दिया जाएगा। वहीं, कार्डियोथोरोसिस एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग, एडवांस आई सेंटर और ओरल हेल्थ साइंस सेंटर की ओपीडी में पंजीकरण का समय सुबह 8 से 10 बजे तक होगा। इन विभाग की टेलीमेडिसिन और टेलीकंसल्टेशन सेवाएं बंद कर दी गई है।