बुढ़ापे में अक्सर हड्डियां टूट जाती हैं। लोग मानते हैं कि ये बढ़ती उम्र की बीमारी है, लेकिन विशेषज्ञ इसका दूसरा कारण बताते हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि जब हड्डियों से कैल्शियम की मात्रा कम होती है तो हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। इसके बाद गिरने मात्र से फ्रैक्चर होने की आशंका बढ़ जाती है।
इस बीमारी को आस्टियोपोरेसिस कहते हैं। हर साल 20 अक्तूबर को आस्टियोपोरोसिस डे मनाया जाता है, ताकि इसके प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े। इस उपलक्ष्य पर पीजीआई के इंडोक्राइनोलाजी डिपार्टमेंट, इंडियन सोसाइटी आफ बोन एंड मिनरल रिसर्च और अमर उजाला के सहयोग से रविवार को एक अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है।
18 अक्तूबर रविवार को सेक्टर 22 स्थित सिविल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में आने वाले मरीजों के हड्डियों में कैल्शियम की जांच मुफ्त में की जाएगी। पीजीआई, जीएमसीएच 32 की स्पेशल वैन की मदद से उन्हें मौके पर ही रिपोर्ट मिलेगी, ताकि डाक्टरों को रिपोर्ट दिखवाकर मौके पर उपचार ले सकें।
कार्यक्रम में पीजीआई की ओर से डाइटिशियन, फिजियोथैरेपेस्टि, इंडोक्राइनोलाजिस्ट की एक स्पेशल टीम होगी, जो रोगियों को आस्टियोपोरोसिस के इलाज और उससे बचने के तौर-तरीकों की जानकारी देगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हेल्थ टॉक होगी। इसमें पीजीआई डाक्टरों का एक पैनल बैठेगा।
इसमें गाइनेकोलाजिस्ट, आरथोपीडिक्स और इंडोक्राइनोलाजिस्ट के स्पेशलिस्ट डाक्टर होंगे, जो मरीजों के हर सवालों का जवाब देंगे। यह शहर में पहली बार होगा जब इतने बड़े स्तर पर आस्टियोपोरोसिस के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
कैंसर, हार्ट अटैक की तरह घातक है आस्टियोपोरोसिस
पीजीआई के एडिशनल प्रोफेसर संजय बडाडा ने बताया कि बुढ़ापे में फ्रैक्चर जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि एक स्टडी के मुताबिक कूल्हे में फ्रैक्चर होने पर एक साल में 50 प्रतिशत मरीजों की मौत हो जाती है। इसे साइलेंट किलर भी कहते हैं। यह धीरे-धीरे शरीर को प्रभावित करता है और लोगों को इस बारे में पता नहीं चलता। इसलिए बढ़ती उम्र के साथ हड्डियों का टेस्ट बहुत जरूरी है।
जांच के लिए कराएं रजिस्ट्रेशन
आस्टियोपोरोसिस डे के उपलक्ष्य पर लगने वाले कैंप में यदि आप हड्डियों में कैल्शियम की जांच करवाना चाहते हैं या फिर कैंप में हिस्सा लेना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 8872525078 पर कॉल या मैसेज भेजकर अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। रविवार को लगने वाले कैंप का समय सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर 11 बजे तक रहेगा।