नेताओं ने समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की कटिंग भी संलग्न की हैं। इनमें राणा इंद्र प्रताप ने आजाद उम्मीदवार के तौर पर सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का एलान किया है। सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कपूरथला से प्रत्याशी राणा गुरजीत सिंह पर यह आरोप लगाया गया है कि वह भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं। इसके साथ ही पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खासमखास हैं।
भुलत्थ क्षेत्र से नेता अमनदीप सिंह गोरा गिल, जोकि राणा के खासमखास माने जाते हैं, ने भी कांग्रेस पार्टी छोड़ कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। आरोप लगाया गया है कि राणा गुरजीत सिंह फगवाड़ा, भुलत्थ, सुल्तानपुर लोधी और जालंधर के एक विधानसभा क्षेत्र को कमजोर करने के लिए गतिविधियां कर रहे हैं। यह पत्र सोनिया गांधी को भेजा गया है। इसकी एक प्रति राहुल गांधी, पंजाब प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी को भी भेजी गई है।
राणा गुरजीत सिंह ने फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी टिकट के साथ-साथ सुल्तानपुर लोधी से अपने बेटे इंद्र प्रताप राणा के लिए टिकट की मांग की थी। पार्टी हाईकमान ने कपूरथला से राणा गुरजीत सिंह को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया लेकिन उनके बेटे को नजरअंदाज कर सुल्तानपुर लोधी से दो बार विधायक रह चुके नवतेज सिंह चीमा को उम्मीदवार घोषित कर दिया है।