तलवाड़ा के गांव बडला के पास कंडी नहर में ट्रैक्टर पलटने से भाई-बहन की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतका कृतिका 12 वीं कक्षा की छात्रा थी और उसका भाई कार्तिक सर्वहितकारी विद्या मंदिर सहौड़ा-डडियाल में आठवीं कक्षा का छात्र था। वह राणक मुहल्ला बडला के रहने वाले थे।
इस दुर्घटना मे ट्रैक्टर चालक राजेश कुमार पुत्र मंगल सिंह निवासी बडला गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दोनों भाई-बहन अपने खेतों से लौट रहे थे। उन्हीं के गांव का एक ट्रैक्टर चालक भी अपने घर आ रहा था। इस दौरान पैदल जा रहे भाई-बहन को ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर पर बिठा लिया।
वह ट्रैक्टर पर सवार होकर घर जा रहे थे तो कंडी नहर के पुल के नजदीक महाराज त्रिलोक पुरी आश्रम के पास पुल पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पुल के दोनों किनारों पर रेलिंग न होने के कारण कर कंडी नहर में जा गिरा। दोनों भाई-बहन ट्रैक्टर के नीचे दब आ गए और घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई।
लांडरां: ट्रैक्टर से कुचलकर 13 साल के बच्चे की गई जान
बनूड़ से नडियाली को जाने वाली लिंक सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली के टायर के नीचे आने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। नाबालिग की पहचान जतिन कुमार पुत्र शाम लाल निवासी मीरा शाह कॉलोनी वार्ड नंबर 12 बनूड़ के तौर पर हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर ट्राली नडियाली से बनूड़ की ओर जा रही थी। जब वह वाहन ट्रक यूनियन के पास पहुंचा तो टायर के नीचे साइकिल चला रहा नाबालिग आ गया। उसे डेराबस्सी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसकी गंभीर हालत को देख चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया। हालांकि बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अमलोह: सड़क हादसे में लाइनमैन की मौत
ब्लाक अमलोह के अधीन गांव भद्दलथूहा के मार्ग पर शाम को एक तेज रफ्तार सफेद रंग की मारुति कार ने बिजली विभाग के लाइनमैन को जबरदस्त टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। मृतक की पहचान दर्शन लाल निवासी समसपुर के तौर पर की गई है। वह अमलोह के पावरकॉम दफ्तर में बतौर लाइनमैन की नौकरी करता था।