फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरस: ट्राइसिटी में चार की मौत व 1147 पॉजिटिव मिले, चंडीगढ़ में स्कूल और खेल सेंटर खुलेंगे, सुखना लेक पर उमड़ी भीड़

Mon, 31 Jan 2022 01:50 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

ट्राइसिटी में रविवार को कोरोना संक्रमण के 1147 मामले सामने आए हैं। वहीं चार मरीजों ने दम तोड़ा है। सुखना लेक पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां लोग सामाजिक दूरी व कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन करते दिखे। 
विज्ञापन
सांकेतिक फोटो - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ट्राइसिटी में रविवार को कोरोना से जहां चार मरीजों ने दम तोड़ दिया, वहीं 1147 नए संक्रमित मिले। मृतकों में से तीन चंडीगढ़ और एक मरीज मोहाली का रहने वाला था। वहीं, नए संक्रमितों में 441 चंडीगढ़, 412 मोहाली और 294 पंचकूला के हैं। चंडीगढ़ में जिन तीन मरीजों की मौत की पुष्टि हुई, उनमें से सेक्टर-21 निवासी 92 वर्षीय वृद्ध ने इलाज के दौरान जीएमएसएच-16 में दम तोड़ दिया।

विज्ञापन


वह सांस की गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। उन्होंने कोरोना टीके की दोनों डोज लगवाई थीं। वहीं, सेक्टर-35 निवासी 88 वर्षीय वृद्ध की मौत शहर के एक निजी अस्पताल में हुई। वह फेफड़े की गंभीर बीमारी व उच्च रक्तचाप के मरीज थे। उन्होंने भी टीके की दोनों खुराक लगवा ली थीं। वहीं, दरिया निवासी 76 वर्षीय वृद्ध ने इलाज के दौरान जीरकपुर स्थित एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा, उन्होंने भी टीके की दोनों खुराक लगवाई थीं।
 
मंगलवार से दसवीं से बारहवीं तक के बच्चे स्कूल जाएंगे
चंडीगढ़ में दसवीं से बारहवीं तक के सभी स्कूल मंगलवार से खुल जाएंगे। स्कूल में सिर्फ उन्हीं बच्चों को प्रवेश मिलेगा, जिन्होंने कोरोना टीके की पहली डोज लगवा ली है। टीका न लगवाने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था रहेगी। शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा दसवीं और बारहवीं के टर्म टू में लगभग डेढ़ महीना ही बचा है। ऐसे में बच्चों को ऑफलाइन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पढ़ाई के जरिए तैयारी करवाना शिक्षकों के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा, क्योंकि बोर्ड की टर्म-1 परीक्षा में भी विद्यार्थियों को कठिनाई आई थी। जिला शिक्षा अधिकारी प्रभजोत कौर ने बताया कि स्कूलों को खोलने के संबंध में विस्तृत आदेश सोमवार को जारी किया जाएगा।

खेल सेंटर भी खुलेंगे
चंडीगढ़ खेल विभाग के सभी खेल सेंटर एक फरवरी से 15 से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए खुल जाएंगे। शहर में कोरोना की रफ्तार में आई कमी को देखते हुए खेल विभाग ने यह फैसला किया है। हालांकि ये खेल सेंटर प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइंस के बाद ही खुलेंगे। खेल सेंटर में एक समय पर 50 प्रतिशत खिलाड़ियों को ही प्रवेश मिलेगा ताकि अधिक भीड़ न हो। अभी स्वीमिंग पूल को बंद रखने का फैसला लिया गया है। खेल विभाग की ओर से खेल सेंटरों पर कोचों को टाइम टेबल बनाने के लिए भी कहा गया है ताकि वह खिलाड़ियों को आसानी से अभ्यास करवा सकें। 

खेल विभाग ने सभी कोच को निर्देश दिया है कि अभ्यास करने के लिए आने वाले खिलाड़ी की उम्र 15 वर्ष से अधिक की होनी चाहिए और कोरोना टीकाकरण (पहली डोज) का प्रमाणपत्र होना चाहिए। वहीं, जो खिलाड़ी 18 से अधिक आयु के होंगे, उनको दोनों डोज लगी होनी चाहिए। खेल विभाग के साफ निर्देश है कि बिना टीकाकरण के किसी भी खिलाड़ी को सेटरों पर प्रवेश नहीं दिया जाए। प्रशासन ने सेक्टर-34 स्थित खेल सेंटर को कोविड सेंटर में तबदील किया था। प्रशासन के अगले आदेश तक इस खेल सेंटर को खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए बंद ही रखा जाएगा। 

सुखना पर उमड़ी भारी भीड़
कोरोना की तीसरी लहर के कमजोर पड़ने पर यूटी प्रशासन ने पाबंदियों में छूट क्या दी, लोग बेखौफ होकर घूमने लगे हैं। रविवार को छुट्टी होने की वजह से सुखना लेक पर भारी भीड़ उमड़ी। इनमें से बहुत से लोगों ने मास्क नहीं पहना था। ऐसे लोगों की संख्या भी काफी रही, जो सिर्फ चालान से बचने के लिए नाक के नीचे मास्क लगाकर घूम रहे थे। 

लेक पर रविवार को शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं किया गया। शुक्रवार से लेक पर सभी प्रकार की गतिविधियां शुरू होने के बाद से रविवार को सबसे अधिक भीड़ उमड़ी। इनमें से 300 के करीब लोगों ने बोटिंग की। लेक पर अधिक भीड़ देख अधिकारियों की तरफ से विशेष अभियान चलाकर बिना मास्क वाले लोगों के चालान भी काटे गए। सिटको के अधिकारियों का कहना है कि वीकेंड के हिसाब से अभी भी बोटिंग व रेस्टोरेंट में कम लोग आ रहे हैं, लेकिन पिछले दो दिनों के मुकाबले अधिक लोग लेक पर पहुंचे हैं। शाम को भी सैर करने के लिए काफी संख्या में लोग लेक पहुंचे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें