गीतांजलि की बड़ी बेटी को जन्मदिन पर नाना-नानी का प्यार नहीं मिल सका। बच्ची का छह नवंबर को जन्मदिन था, जिसके लिए उसके नाना-नानी ने अदालत से उसकी कस्टडी मांगी थी।
बुधवार को अदालत ने इसकी अनुमति नहीं दी। इस मामले की अब अगली सुनवाई आठ नवंबर को होगी।
गीतांजलि के माता-पिता ने अदालत में दो नवंबर को अर्जी दी थी कि गीतांजलि की बड़ी बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए उन्हें बच्ची की कस्टडी दी जाए।
बुधवार को गुड़गांव के पूर्व सीजेएम रवनीत गर्ग के वकील ने अदालत को बताया कि गीतांजलि की बेटियां राजस्थान घूमने गई हैं। इसलिए सुनवाई टल गई।
गीतांजलि के परिजन अदालत में इस उम्मीद से पहुंचे थे कि उन्हें बच्ची के जन्मदिन पर कस्टडी के लिए अदालत से हरी झंडी मिल जाएगी, लेकिन उन्हें मायूसी ही मिली।
गीतांजलि के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने अदालत में अर्जी दी थी कि बड़ी नातिन का जन्मदिन उसके साथ मनाने की अनुमति दी जाए। वह छह और सात नवंबर को उसे अपने घर लेकर आना चाहते थे।
मालूम हो कि गुड़गांव के पूर्व सीजेएम रवनीत गर्ग फिलहाल जगाधरी में तैनात हैं।