पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन रणधीर सिंह बधरान ने जिला बार एसोसिएशन के कार्यालय में वकीलों से मुलाकात कर सात नवंबर को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
वीरवार को बार काउंसिल की ओर से मुख्यमंत्री के अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान वकील आवास सुविधा मुहैया कराने का मुद्दा भी उठाएंगे।
बधरान ने कहा कि वीरवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री को वकीलों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के बार एसोसिएशन के सदस्य शामिल होंगे और मुख्यमंत्री से वकीलों को आवास सुविधा मुहैया कराने की मांग की जाएगी।
फिलहाल, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की हाउसिंग स्कीमों में वकीलों के लिए प्लाटों में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।
पंचकूला बार एसोसिएशन के प्रधान वेद भूषण महाजन ने चेयरमैन बधरान को आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में पंचकूला बार एसो. से वकील बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे।
बैठक में पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य परवेश यादव, जिला अटार्नी अमित परमार, पंचकूला बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विक्रम राणा, सचिव अश्वनी चौधरी, बार काउंसिल करनाल से प्रवीण कुमार भी उपस्थित थे।