चंडीगढ़ में सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली पार्क के पास पूर्व इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी नविंदर पाल सिंह सिद्धू पर कार सवार दो युवकों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। युवकों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब वह अपने दोस्त से मिलकर कार से वापस घर लौट रहे थे। शिकायत के आधार पर सेक्टर-3 थाना पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) से खेल चुके पूर्व टेनिस खिलाड़ी नविंदर पाल सिंह सिद्धू (31) ने बताया कि पटियाला स्थित 22 नंबर फाटक के पास उनकी एक जमीन है, जो विवादित है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से वह इस संबंध में केस भी जीत चुके हैं। उनका आरोप है कि बीते कुछ समय से उन्हें लगातार फोन पर धमकियां मिल रही हैं कि जमीन का आधा हिस्सा वह छोड़ दें।
रविवार को जब वह अपने दोस्त से मिलकर सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली पार्क के पास पहुंचे तो एक सीडान कार उनका काफी देर से पीछा कर रही थी। कार में दो युवक सवार थे। मामला समझने के लिए उन्होंने अपनी कार सड़क के किनारे खड़ी कर दी। जैसे ही कार उनके नजदीक पहुंची तो उनमें एक युवक उनकी ओर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी का इशारा करते हुए फरार हो गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सड़क पर भीड़ होने के चलते युवक शायद उन पर हमला करने में असफल रहे। घटना के बाद वह काफी सहम गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम (112) को दी। सूचना पर सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया। वहीं अब नविंदर ने मामले की शिकायत एसएसपी को भी दी है।
शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। फिलहाल नविंदर अब टेनिस की कोचिंग दे रहे हैं।